औरैया

प्रचंड गर्मी के साथ बढ़ीं अन्नदाताओं की दुश्वारियां, औरैया में गेहूं के खेत में लगी आग से 60 बीघा फसल जली

लेखपाल शैलेंद्र कुमार ने बताया कि पीड़ित किसानों में प्रमोद आदेश व उमेश चौबे पुत्रगण मोती लाल हैं। सतीश शुक्ल पुत्र गजानंद की छह बीघा व राम अवतार पुत्र शिव प्रसाद को तीन बीघा गेहूं की फसल का नुकसान पहुंचा है

औरैया,अमन यात्रा। प्रतिदिन बढ़ता पारा अन्नदाताओं के मुसीबत बनता जा रहा है। जनपद में रविवार को इसकी बानगी देखने को मिली। जहां प्रचंड गर्मी के कारण दिबियापुर थाना क्षेत्र के बिहारीपुर और कंचौसी गांव में पांच किसानों के खेतों में आग लग गई। इसमें करीब 60 बीघा गेहूं की फसल जल गई। लपट व आग का धुआं उठता देख खेत के पास से निकल रहे कुछ लोगों ने शोर मचाना शुरू कर दिया। आग लगने का शोर सुनकर ग्रामीण खेतों की ओर भागे। कड़ी मशक्कत कर आग पर काबू पाया। सूचना मिलने पर पहुंचे लेखपाल ने बताया कि आग से जली फसल का आकलन किया जा रहा है। कितना नुकसान हुआ है, यह अनुमान लगने के बाद प्रशासन को आख्या भेजी जाएगी।

लेखपाल शैलेंद्र कुमार ने बताया कि पीड़ित किसानों में प्रमोद, आदेश व उमेश चौबे पुत्रगण मोती लाल हैं। इन तीनों भाइयों की करीब 51 बीघा गेहूं की फसल आग से जल गई है। सतीश शुक्ल पुत्र गजानंद की छह बीघा व राम अवतार पुत्र शिव प्रसाद को तीन बीघा गेहूं की फसल का नुकसान पहुंचा है।आग लगने का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। ग्रामीणों का कहना है कि गर्मी में अक्सर आग की घटना से खेतों में खड़ी फसल को नुकसान पहुंचता है। पीड़ित किसानों में प्रमोद ने बताया कि दिबियापुर थाना क्षेत्र में बिहारीपुर व कंचौसी गांव आसपास हैं। आग की चपेट में दोनों गांव के अलग-अलग खेत हैं। लेखपाल शैलेंद्र का कहना है कि जली फसल का आकलन करने के लिए स्थलीय मुआयना किया जा रहा है।

Print Friendly, PDF & Email
AMAN YATRA
Author: AMAN YATRA

SABSE PAHLE

Related Articles

AD
Back to top button