कानपुर देहात: देवर संग अवैध संबंधों में बाधक बनी ननद की हत्या, सेंगुर नदी में फेंका था शव, अभियुक्ता गिरफ्तार
मुख्य आरोपी भाभी रेखा देवी झींझक रेलवे स्टेशन से मुंबई भागने की फिराक में गिरफ्तार, तीन फरार।

कानपुर देहात: जनपद में महिला संबंधी अपराधों की रोकथाम के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत मंगलपुर थाना पुलिस ने ननद की हत्या कर शव छुपाने के मामले में वांछित एक महिला आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपी महिला को ग्राम महोई के टेंपो स्टैंड से दबोचा, जो अपने देवर के साथ मुंबई भागने की योजना बना रही थी।
मामला तब प्रकाश में आया जब 12 जून 2026 को मंगलपुर थाने में एक वादी ने तहरीर देकर आरोप लगाया कि उनके पड़ोस में रहने वाली ज्योति (पुत्री मान सिंह) की हत्या कर साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से शव को कार में लादकर सेंगुर नदी में फेंक दिया गया है। इस शिकायत के आधार पर पुलिस ने रेखा देवी सहित चार नामजद आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) और 238 के तहत मुकदमा संख्या 156/2026 दर्ज किया था।
पुलिस की पूछताछ में गिरफ्तार अभियुक्ता रेखा देवी (26 वर्ष) पत्नी वीरू, निवासी ग्राम चंद्रकुरा ने अपना जुर्म कबूल करते हुए बेहद चौंकाने वाला खुलासा किया। रेखा ने बताया कि उसका पति वीरू बाहर रहकर मजदूरी करता है, इस दौरान उसके अपने देवर मिलन के साथ प्रेम संबंध स्थापित हो गए। बीते 5 जून 2026 को जब दोनों घर पर अकेले थे और आपत्तिजनक स्थिति में थे, तभी उसकी ननद ज्योति ने उन्हें देख लिया और इसका कड़ा विरोध किया।
पकड़े जाने और बदनामी के डर से रेखा और मिलन ने मिलकर धारदार चाकू से ज्योति की गला रेतकर हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों ने अपने ससुर मान सिंह को इसकी जानकारी दी। इसके बाद ससुर मान सिंह, देवर मिलन और उसके रिश्तेदार सुनील उर्फ मौला ने मिलकर एक अज्ञात कार चालक की मदद से ज्योति के शव और हत्या में प्रयुक्त चाकू को दरी में लपेटा और सेंगुर नदी में फेंक दिया।
8 जून 2026 को जब पुलिस को नदी से ज्योति का शव मिलने की सूचना मिली, तो सभी आरोपी घर छोड़कर फरार हो गए। रेखा देवी आज झींझक रेलवे स्टेशन पर अपने देवर मिलन से मिलकर मुंबई भागने की फिराक में थी, लेकिन उससे पहले ही पुलिस ने उसे महोई टेंपो स्टैंड के पास से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी महिला को माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत कर जेल भेज दिया है, जबकि शेष तीन फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।
पुलिस टीम:
सराहनीय कार्य करने वाली मंगलपुर थाना पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक महेश कुमार दुबे, रिजर्व कांस्टेबल सचिन कुमार, रिजर्व कांस्टेबल कुमरपाल, रिजर्व कांस्टेबल कृष्णअवतार, महिला कांस्टेबल अंशू राजपूत और चालक हेड कांस्टेबल सुरजेश शामिल रहे।
ये भी पढे- कानपुर देहात: मंगलपुर में प्रसूता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत,घर में चारपाई पर मिला शव



