कानपुर देहातउत्तरप्रदेशफ्रेश न्यूज

कानपुर देहात: भीषण गर्मी के चलते कक्षा एक से आठ तक के स्कूलों का समय बदला

राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ ने समय परिवर्तन की उठाई थी मांग, बेसिक शिक्षा अधिकारी में त्वरित गति से लिया निर्णय

राजेश कटियार, कानपुर देहात। भीषण गर्मी और लगातार बढ़ते तापमान को देखते हुए जिला प्रशासन ने स्कूली बच्चों के स्वास्थ्य एवं सुरक्षा के मद्देनजर बड़ा निर्णय लिया है। जिलाधिकारी कपिल सिंह के निर्देश पर जिले में नर्सरी से कक्षा आठ तक संचालित सभी विद्यालयों के समय में परिवर्तन कर दिया गया है।

यह व्यवस्था विद्यार्थियों को हीट वेव के दुष्प्रभाव से सुरक्षित रखने के उद्देश्य से लागू की गई है। नए आदेश के अनुसार नर्सरी से कक्षा आठ तक के सभी विद्यालय अब प्रातः 7:30 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक संचालित होंगे। वहीं विद्यालयों के शिक्षक एवं शिक्षणेत्तर कर्मचारी दोपहर 1:30 बजे तक विद्यालय में उपस्थित रहकर यू-डायस पोर्टल, विभागीय अभिलेखों का अद्यतन, प्रशासनिक एवं अन्य आवश्यक कार्यों का निष्पादन करेंगे।

बताते चलें शनिवार को राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ ने स्कूल संचालन के समय में परिवर्तन करने की मांग जिलाधिकारी से की थी। संगठन ने जिलाधिकारी को संबोधित ज्ञापन शनिवार को सुबह ही बेसिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय में दिया था जिसका बीएसए द्वारा त्वरित गति से जिलाधिकारी के निर्देश पर निस्तारण कर विद्यालय संचालन के समय में परिवर्तन कर दिया गया।

बेसिक शिक्षा अधिकारी आशीष कुमार पाण्डेय ने बताया कि जिलाधिकारी के निर्देश के क्रम में आदेश तत्काल प्रभाव से लागू किया गया है। यह आदेश जिले के परिषदीय, सहायता प्राप्त, मान्यता प्राप्त, सीबीएसई, आईसीएसई, मदरसा तथा अन्य सभी बोर्डों के नर्सरी से कक्षा आठ तक संचालित विद्यालयों पर समान रूप से लागू होगा। बीएसए ने सभी खंड शिक्षा अधिकारियों को निर्देशित किया है कि आदेश का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराया जाए।

उन्होंने विद्यालय प्रबंधनों से भी अपील की है कि बच्चों के स्वास्थ्य को प्राथमिकता देते हुए शासन के निर्देशों का पूर्ण अनुपालन करें ताकि भीषण गर्मी के बीच विद्यार्थियों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

Related Articles

AD
Back to top button