कानपुर देहात में झाड़ियों के पास संदिग्ध परिस्थितियों में मिला युवक का शव
कानपुर देहात के मंगलपुर थाना क्षेत्र के हवासपुर गांव स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के सामने झाड़ियों के पास बुधवार सुबह एक युवक का संदिग्ध परिस्थितियों में शव मिला।घटना से इलाके में सनसनी फैल गई।सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है

मंगलपुर।कानपुर देहात के मंगलपुर थाना क्षेत्र के हवासपुर गांव स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के सामने झाड़ियों के पास बुधवार सुबह एक युवक का संदिग्ध परिस्थितियों में शव मिला।घटना से इलाके में सनसनी फैल गई।सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच में जुट गई है।ग्रामीणों ने सुबह झाड़ियों के पास एक युवक का शव पड़ा देखा तो पुलिस को सूचना दी।घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में इलाकाई लोगों की भींड मौके पर जमा हो गई।सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव की पहचान हवासपुर गांव निवासी सोनेलाल के 35 वर्षीय पुत्र भारत के रूप में की।परिजनों ने पुलिस को बताया कि भारत की पत्नी करीब दो साल पहले संदिग्ध परिस्थितियों में घर छोड़कर चली गई थी।भारत के दो बेटे और एक बेटी है।पत्नी के जाने के बाद वह मानसिक रूप से काफी परेशान रहने लगा था और धीरे धीरे शराब पीने का आदी हो गया था।परिजनों के मुताबिक पारिवारिक परिस्थितियों के कारण वह अक्सर तनाव में रहता था और उसका व्यवहार भी बदल गया था।परिजनों के मुताबिक भारत मंगलवार सुबह बिना किसी को कुछ बताए घर से निकला था।देर रात तक उसके घर वापस न लौटने पर परिजनों ने काफी खोजबीन की लेकिन उसका कुछ पता न चल सका।बुधवार सुबह गांव के पास झाड़ियों में शव मिलने की सूचना पर परिजन मौके पर पहुंचे और शव की पहचान भारत के रूप में की।शव देख परिजनों में कोहराम मच गया।घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच पड़ताल शुरू की।पुलिस आसपास के लोगों से भी पूँछतांछ कर रही है।थाना प्रभारी महेश दुबे ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मृत्यु का कारण अभी स्पष्ट नहीं है।आशंका जताई जा रही है कि किसी अज्ञात वाहन की टक्कर से या अत्यधिक शराब के सेवन से उसकी मौत हुई है।मौके पर कोई शराब की बोतल नहीं मिली है।पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर ही मौत के सटीक कारणों का पता लग सकेगा।फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।



