कानपुर देहात में टप्पेबाज महिला ने दो अलग-अलग ज्वैलरी की दुकानों से लाखों के गहने उड़ाए
व्यापारियों में दहशत, पुलिस अधीक्षक ने दिया कार्यवाही का आश्वासन

कानपुर देहात में हाल ही में टप्पेबाज गिरोह ने दो अलग-अलग कोतवाली क्षेत्रों में ज्वैलरी दुकानों से लाखों रुपए के गहने पार कर दिए।खास बात यह है कि दोनों घटनाओं में एक ही महिला सीसीटीवी फुटेज में चोरी करते नजर आई है जबकि उसके साथ बाइक सवार साथी भी दिखाई दिए हैं।
पहला मामला रसूलाबाद कस्बे का है। बिल्हौर रोड स्थित ज्वैलरी दुकान के संचालक साहिल कुमार के मुताबिक 26 जून को एक महिला अंगूठी खरीदने के बहाने दुकान पर पहुंची। काफी देर तक आभूषण देखने के दौरान उसने करीब 85 हजार रुपए कीमत की हीरे की अंगूठी पार कर दी और चुपचाप निकल गई। बाद में सीसीटीवी फुटेज देखने पर महिला चोरी करती दिखाई दी। पीड़ित ने मामले की शिकायत पुलिस में की।लेकिन अब तक रिपोर्ट दर्ज नहीं की गई है।
दूसरा मामला अकबरपुर कस्बा स्थित आरआर ज्वेलर्स का है।दुकान मालिक ऋषि ओमर ने बताया कि 19 जून को एक महिला और एक पुरुष दुकान पर पहुंचे।लगभग आधे घंटे आभूषण देखने के बाद दोनों बिना खरीददारी किए चले गए।सामान मिलान करने पर दुकान से करीब 5 ग्राम सोने की बाली गायब मिली। इस घटना का सीसीटीवी फुटेज भी उपलब्ध है। जिसमें महिला बाली चोरी करती साफ नजर आ रही है। इस मामले में भी पुलिस को लिखित शिकायत दी गई लेकिन एफआईआर दर्ज नहीं हुई है। लगातार सामने आ रही इन घटनाओं से व्यापारियों में दहशत है।
वहीं इस मामले में पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेंद्र पांडेय का कहना है कि उन्हें इन दोनों मामलों की जानकारी नहीं थी।जानकारी लेकर दोनों मामलों में एफआईआर दर्ज कर आवश्यक कार्यवाही की जाएगी।
ये भी पढे- पुखरायां में खौलते पानी से मासूम झुलसा,भेजा गया जिला अस्पताल



