कानपुर देहात में दबंगों के खौफ से बुजुर्ग परिवार गांव से पलायन को मजबूर
कानपुर देहात के मंगलपुर थाना क्षेत्र के हिसावां गांव में दबंगों के कथित उत्पीड़न और पुलिस से न्याय न मिलने का आरोप लगाते हुए एक बुजुर्ग दंपत्ति गांव छोड़ने पर मजबूर हो गए।घर छोड़ने से पहले उन्होंने अपने मकान की दीवार पर लाल रंग से पलायन लिख दिया।जिसका वीडियो और तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल हो रहीं हैं।पीड़ित हीरालाल के मुताबिक 25 जून को पड़ोसियों ने रंजिश के चलते उनके घर की पानी की टोटी तोड़ दी थी

मंगलपुर।कानपुर देहात के मंगलपुर थाना क्षेत्र के हिसावां गांव में दबंगों के कथित उत्पीड़न और पुलिस से न्याय न मिलने का आरोप लगाते हुए एक बुजुर्ग दंपत्ति गांव छोड़ने पर मजबूर हो गए।घर छोड़ने से पहले उन्होंने अपने मकान की दीवार पर लाल रंग से पलायन लिख दिया।जिसका वीडियो और तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल हो रहीं हैं।पीड़ित हीरालाल के मुताबिक 25 जून को पड़ोसियों ने रंजिश के चलते उनके घर की पानी की टोटी तोड़ दी थी।इसके बाद 28 जून को जब वह अपने भाई के घर पानी भरने गए,तो पड़ोसी भी वहां पहुंच गए।आरोप है कि गाली गलौज के बाद दबंग उनके घर में घुस आए,दरवाजा बंद कर हीरालाल और उनकी पत्नी के साथ मारपीट की तथा उन्हें जान से मारने की धमकी दी।पीड़ित का दावा है कि घटना का वीडियो भी उनके पास मौजूद है।दंपत्ति का आरोप है कि 28 जून को पुलिस को लिखित शिकायत देने के बाबजूद भी कोई प्रभावी कार्यवाही नहीं की गई।इस बात से आहत होकर उन्होंने गांव छोड़ने का फैसला कर लिया।ग्रामीणों के मुताबिक दंपत्ति के घर पर ताला लगा हुआ है और दीवार पर लाल रंग से पलायन लिखा हुआ है।उनका मोबाइल फोन भी बंद आ रहा है।फिलहाल उनके ठिकाने की जानकारी किसी को भी नहीं है।ग्राम प्रधान विपिन कुमार व अन्य ग्रामीणों ने बताया कि बुजुर्ग दंपत्ति का गांव के कुछ लोगों से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था और उन्हें लगातार परेशान किया जा रहा था।थाना प्रभारी महेश दुबे ने बताया कि दो भाइयों में ग्राम समाज की भूमि को लेकर विवाद हुआ था।शिकायत मिलने पर दोनों पक्षों के खिलाफ शांतिभंग की कार्यवाही की गई थी।उन्होंने बताया कि पलायन के मामले की जांच कराई जा रही है।दंपत्ति से संपर्क स्थापित करने का प्रयास किया जा रहा है।घटना के बाद जिले में कानून व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं।



