कानपुर देहात- रूरा पुलिस की बड़ी सफलता: साइबर ठगी के शिकार पीड़ितों के 63 हजार रुपये कराए वापस
साइबर हेल्प डेस्क ने ऑनलाइन फ्रॉड और गलत ट्रांसफर के 3 मामलों में त्वरित कार्रवाई कर लौटाई रकम

कानपुर देहात: जनपद के थाना रूरा पुलिस (साइबर हेल्प डेस्क) ने ऑनलाइन साइबर ठगी और गलत खाते में रकम चले जाने के तीन अलग-अलग मामलों में प्रभावी कार्रवाई करते हुए पीड़ितों के कुल ₹63,349 उनके बैंक खातों में वापस कराए हैं। पुलिस की इस त्वरित और वैधानिक कार्रवाई पर शिकायतकर्ताओं ने पूरी टीम का आभार व्यक्त किया।
पहले मामले में रामनगर निवासी सौरभ द्विवेदी से स्टॉक मार्केट में अधिक लाभ का झांसा देकर ठगे गए ₹28,100 पूरे वापस कराए गए। दूसरे मामले में शास्त्री नगर के भगवत प्रसाद से फर्जी लोन के नाम पर हुई ₹23,249 की धोखाधड़ी की रकम बैंकों से समन्वय स्थापित कर लौटाई गई। वहीं तीसरे मामले में भटौली निवासी अमित कुमार शुक्ला द्वारा गलती से दूसरे खाते में भेजे गए ₹12,000 भी सकुशल वापस कराए गए।
थानाध्यक्ष सुधीर भारद्वाज, उपनिरीक्षक जितेंद्र सिंह और हेड कांस्टेबल श्याम सुंदर की टीम ने यह सफलता हासिल की।



