रूरा में महिला से मारपीट मामले में हिंदू संगठनों के विरोध पर एफआईआर दर्ज,दो गिरफ्तार
कानपुर देहात के रूरा कस्बे में एक महिला से मारपीट के मामले में पुलिस ने एफआईआर दर्ज करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।हालांकि इस मामले में पुलिस ने पहले सिर्फ एनसीआर दर्ज की थी लेकिन वीडियो वायरल होने और हिंदू संगठन के विरोध के बाद पुलिस ने यह कार्यवाही की

रूरा।कानपुर देहात के रूरा कस्बे में एक महिला से मारपीट के मामले में पुलिस ने एफआईआर दर्ज करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।हालांकि इस मामले में पुलिस ने पहले सिर्फ एनसीआर दर्ज की थी लेकिन वीडियो वायरल होने और हिंदू संगठन के विरोध के बाद पुलिस ने यह कार्यवाही की।घटना 7 जुलाई की है।गजनेर थाना क्षेत्र के नंदपुर गांव निवासी पिंकी देवी अपने पति गया प्रसाद और बेटे कुलदीप के साथ अंबरपुर जा रही थीं।रूरा नहर पुल के पास दिलशाद की आम की दुकान से आम खरीदने को लेकर विवाद शुरू हो गया।जो जल्द मारपीट में बदल गया।आरोप है कि महिला और उसके परिवार के साथ बेरहमी से मारपीट की गई।घटना के तुरंत बाद पुलिस ने दोनों पक्षों पर एनसीआर दर्ज कर निरोधात्मक कार्यवाही की थी।पुलिस ने दोनों पक्षों को शांत कराया लेकिन कोई एफआईआर दर्ज नहीं की गई थी।हालांकि घटना का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठने लगे।हिंदू संगठनों ने इस घटना पर विरोध प्रदर्शन किया और पुलिस पर आरोपियों को बचाने का आरोप लगाया।जिसके बाद पीड़िता पिंकी देवी ने अपने बेटे कुलदीप के साथ रूरा थाने में तहरीर दी।पुलिस ने तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा कर कर विवेचना के दौरान आरोपी दिलशाद और लवकुश को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।मामले में अन्य आरोपियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।इस संबंध में क्षेत्राधिकारी अकबरपुर संजय सिंह ने बताया कि पीड़िता की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर कार्यवाही की गई है।मामले की विवेचना जारी है।



