शेयर मार्केट में निवेश के नाम पर हुई साइबर ठगी: शिवली पुलिस की साइबर हेल्प डेस्क ने वापस कराए ₹10,000
कानपुर देहात पुलिस का त्वरित एक्शन; ठगी के शिकार पीड़ित के खाते में पूरी धनराशि कराई वापस, पुलिस टीम की कार्यप्रणाली की हुई सराहना

शिवली/कानपुर देहात। कानपुर देहात में साइबर अपराधों पर नकेल कसने और पीड़ितों को राहत दिलाने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना शिवली पुलिस की साइबर हेल्प डेस्क ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस टीम ने तत्परता से कार्रवाई करते हुए शेयर मार्केट में निवेश के नाम पर हुई साइबर ठगी के शिकार पीड़ित के खाते में पूरी धनराशि ₹10,000 वापस करा दी है।
मारग मैथा निवासी सुरेन्द्र कुमार पुत्र रामऔतार को 1 जून 2026 को एक अज्ञात साइबर ठग ने कॉल कर शेयर मार्केट में अधिक मुनाफे का झांसा दिया और यूपीआई के जरिए उनसे ₹10,000 ट्रांसफर करवा लिए। धोखाधड़ी की जानकारी होते ही पीड़ित ने उसी दिन थाना शिवली स्थित साइबर हेल्प डेस्क पर लिखित शिकायत दर्ज कराई।
शिकायत मिलते ही प्रभारी निरीक्षक अमरेन्द्र बहादुर सिंह, उपनिरीक्षक सोमवीर सिंह, कंप्यूटर ऑपरेटर अतुल कुमार और महिला आरक्षी प्रीति सोनकर की टीम ने तकनीकी पड़ताल शुरू की और संबंधित बैंक व नोडल अधिकारियों से समन्वय स्थापित कर फ्रॉड खाते पर रोक लगवाई। पुलिस की सक्रियता के चलते 28 अगस्त 2026 को पीड़ित के खाते में पूरी रकम सुरक्षित वापस पहुंच गई, जिस पर पीड़ित ने पुलिस टीम का आभार व्यक्त किया।
प्रशासन ने आम जनता से अपील की है कि किसी भी प्रकार की ऑनलाइन वित्तीय धोखाधड़ी होने पर बिना देर किए राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 पर कॉल करें या cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज कराएं, साथ ही मोबाइल गुम अथवा चोरी होने पर संचार साथी पोर्टल का उपयोग करें।



