सरवनखेड़ा में आरसेटी का बड़ा कदम: आत्मनिर्भरता की ओर बढ़ीं कदम, 30 महिलाओं को दी जा रही धूपबत्ती-अगरबत्ती बनाने की ट्रेनिंग
युवा अकादमी परिसर में सेवा महिला समिति के सहयोग से बारह दिवसीय प्रशिक्षण शिविर का हुआ शानदार आगाज, दीपिका सिंह सेंगर ने बढ़ाया महिलाओं का हौसला।

कानपुर देहात। ग्रामीण अंचल की महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत और स्वावलंबी बनाने के लिए सरवनखेड़ा के युवा अकादमी परिसर में एक बेहतरीन पहल की शुरुआत हुई है। सेवा महिला समिति द्वारा आयोजित और आरसेटी (RSETI) के तत्वावधान में ग्राम सेरुआ टप्पा की 30 महिलाओं के बैच के लिए बारह दिवसीय धूपबत्ती और अगरबत्ती निर्माण प्रशिक्षण शिविर का सफलतापूर्वक शुभारंभ किया गया।
इस विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम का आगाज समाज सेविका दीपिका सिंह सेंगर, आरसेटी के राज्य निदेशक रश्मेंद्र कुमार सक्सेना और आरसेटी कानपुर देहात के निदेशक मयंक कटियार द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया गया। कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों ने इस हुनर को ग्रामीण महिलाओं की आजीविका के लिए एक बड़ा और असरदार जरिया बताया।
उद्घाटन सत्र के दौरान समाज सेविका दीपिका सिंह सेंगर ने प्रशिक्षण ले रही महिलाओं को स्वावलंबन के गुण सिखाए। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि आज के दौर में समाज के भीतर महिलाओं की भूमिका दिनों-दिन मजबूत हो रही है और वे हर क्षेत्र में पुरुषों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर आगे बढ़ रही हैं। उन्होंने बैच की सभी महिलाओं को प्रेरित करते हुए कहा कि आप सब पूरी लगन से इस हुनर को सीखें, खुद का रोजगार शुरू कर आत्मनिर्भर बनें और आसमान की ऊंचाइयों को छुएं। उन्होंने सभी प्रशिक्षणार्थियों को बेहतर और उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं भी दीं।
इस बारह दिवसीय ट्रेनिंग के जरिए महिलाओं को अगरबत्ती बनाने से लेकर उनकी पैकेजिंग और बाजार में बिक्री के गुर भी सिखाए जाएंगे। इस मौके पर निखिल, पंकज और प्रशिक्षक हेमलता प्रजापति सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
ये भी पढे-



