इटावा, अमन यात्रा।  सैफई थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत कुइया में पंचायत चुनाव के दौरान वोट मांगने को लेकर मंगलवार की रात को दो पक्षों में गोली चलने के बाद सनसनी का माहौल बन गया। इस दौरान एक युवक के पेट में गोली लग गई। उसे उत्तर प्रदेश आयुर्विज्ञान विश्वविद्यालय सैफई में भर्ती कराया गया।

येे है पूरा मामला: गांव में राहुल यादव व चंदगीराम यादव दोनों प्रत्याशी का काफिला कुइया ग्राम पंचायत के नगला बिहारी गांव में वोट मांग रहा था। इसी दौरान दोनों के समर्थक आमने सामने आ गए। इसके बाद किसी बात पर विवाद खड़ा हो गया। तभी तमंचे से फायरिंग होने के कारण राहुल यादव के साले अंशुल यादव के गोली लग गई। थाना प्रभारी वीरेंद्र बहादुर सिंह यादव मौके पर पहुंचे और तुरंत अंशुल यादव को अस्पताल में भर्ती कराया गया। सैफई थाने में राहुल यादव निवासी ग्राम नगला लाले ने चार लोगों अखिलेश उर्फ चंदगीराम यादव पुत्र रामस्वरूप यादव निवासी ग्राम नगला बिहारी, होशियार सिंह पुत्र मेहरवान सिंह निवासी नगला तेज व राजीव व अनिल पुत्र फेरू सिंह निवासी ग्राम नगला तेज थाना सैफई के खिलाफ मामला दर्ज कराया है।

मुलायम परिवार का करीबी है चंदगीराम: कुइया का निवर्तमान प्रधान चंदगीराम यादव का मुलायम परिवार का करीबी है। यह चार बार प्रधान लगातार बन चुका है। और पांचवी बार चुनाव मैदान में थे। सपा संरक्षक मुलायम सिंह यादव के परिवार से इनके गहरे संबंध हैं। पूर्व सांसद तेज प्रताप सिंह यादव के पिता रणवीर सिंह यादव से चंदगीराम की अच्छी दोस्ती थी।

इनका ये है कहना: एसएसपी डॉ. बृजेश कुमार सिंह ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। चंदगीराम यादव निवर्तमान प्रधान हैं उसे तमंचे के साथ गिरफ्तार कर लिया गया है। उन्होंने बताया कि दोनों पक्षों के बीच विवाद स्कूल को खोले जाने को लेकर हुआ। एक अन्य आरोपित होशियार सिंह सहित दो लोगों को पकड़ लिया गया है। सीओ राकेश वशिष्ठ को निर्देश दिए गए हैं कि चुनावी हिंसा रोकने के लिए कदम उठाएं ताकि आगे ऐसी घटनाएं न हों। उधर चंदगीराम की पत्नी शर्मिला यादव ने अपने पति को झूठा फंसाने का आरोप लगाया और एसएसपी को तहरीर दी है।