लखनऊ,अमन यात्रा । उत्तर प्रदेश में 2022 में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर भागीदारी संकल्प मोर्चा के गठन की जोरदार तैयारी में लगे ओमप्रकाश राजभर अभी भी भारतीय जनता पार्टी के साथ चुनाव लड़ने के इच्छुक हैं। योगी आदित्यनाथ सरकार में कैबिनेट मंत्री रहे भारतीय सुहेलदेव समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर ने शुक्रवार को मीडिया से वार्ता की।

ओमप्रकाश राजभर ने कहा कि हमको विधानसभा चुनाव 2022 में भाजपा के साथ आने में कोई आपत्ति नहीं है। उन्होंने कहा कि अगर भाजपा हमारी शर्तों को मानेगी तो हम लोग उनके साथ भी जा सकते हैं। उन्होंने कहा कि राजनीति में संभावनाएं बनी रहती हैं। जो पार्टी हमारे मुद्दों के साथ आएगी हम तो उसका साथ देंगे। उन्होंने कहा कि इस पंचायत के दौरान यूपी विधानसभा चुनाव को लेकर सुभासपा के गठबंधन का एलान किया जाएगा। इस दौरान ओम प्रकाश राजभर ने बीजेपी से भी गठबंधन होने की संभावना से इंकार नहीं किया। हमारी एक प्रमुख मांग है कि सामाजिक न्याय समिति की रिपोर्ट लागू हो।