लखनऊ,अमन यात्रा । भारतीय संस्कृति में त्योहार न केवल हमे हमारी परंपराओं से परिचित कराते हैं बल्कि हमारे अंदर आस्था और विश्वास जगाने का भी काम करते हैं। हिंदू धर्म में करवा चौथ व्रत का भी विशेष महत्व है। इस साल करवा चौथ का व्रत 24 अक्टूबर दिन रविवार को रखा जाएगा। करवा चौथ का व्रत पूरे दिन निर्जला और निराहार रखा जाता है। आइये जानते हैं कि इस वर्ष करवा चौथ का शुभ मुहूर्त और कैसे करें पूजन।

करवा चौथ का व्रत हर साल कार्तिक मास के कृष्ण पक्ष की चतुर्थी तिथि को रखा जाता है। इस साल यह व्रत 24 अक्टूबर दिन रविवार को रखा जाएगा। सुहागिन महिलाएं इस व्रत को पति की लंबी आयु और उनके सुखमय जीवन के लिए रखती हैं। महिलाएं पूरे दिन बिना अन्न और जल ग्रहण किये हुए व्रत रखकर शाम को माता पार्वती, भगवान शिव, गणेश जी, भगवान कार्तिकेय और चंद्रमा की पूजा करती हैं। उसके बाद चंद्रमा का छलनी के अंदर से दर्शन करती हैं। इसके बाद पति के हाथ से जल पीकर अपना व्रत पूरा करती हैं।