पिछले तीन-चार दिन से तापमान में लगातार वृद्धि हो रही थी। रविवार को रिकॉर्ड तोड़ते हुए तापमान 34 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। हालांकि, राहत की बात यह है कि तापमान में मंगलवार से कुछ कमी दर्ज की जाएगी। सुबह-शाम ठंडी उत्तर-पश्चिमी हवा चलेगी, जिससे तापमान में कुछ कमी आएगी, जिससे लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिलेगी। इससे पूर्व 19 फरवरी, 2016 में अधिकतम तापमान 33.3 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया था।

पश्चिमी विक्षोभ से बढ़ा तापमान: मौसम केंद्र, लखनऊ के निदेशक जेपी गुप्ता ने बताया कि जम्मू-कश्मीर के ऊपर बने पश्चिमी विक्षोभ के चलते तापमान में वृद्धि दर्ज की जा रही है। उन्होंने कहा कि सोमवार से इसका असर कम होगा और तापमान में भी गिरावट दर्ज की जाएगी। हालांकि, ये बदलाव अस्थाई होगा और चंद रोज के बाद फिर मौसम गर्म हो जाएगा। उन्होंने कहा कि मौसम की यह उठापटक फिलहाल अभी कुछ समय चलती रहेगी। रविवार को सुबह बदली थी, लेकिन दिन चढऩे के साथ ही मौसम साफ हो गया और तेज धूप ने जबरदस्त गर्मी का अहसास कराया। नतीजतन, तापमान सामान्य के मुकाबले छह डिग्री अधिक दर्ज किया गया। वहीं, न्यूनतम तापमान भी सामान्य के मुकाबले सात डिग्री अधिक 19.4 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया।  सोमवार को भी तापमान इसी के आसपास रहने की उम्मीद है।

फरवरी में टूटा दस साल का रिकॉर्ड 

 

वर्ष     फरवरी में अधिकतम तापमान (सामान्य तापमान) 

2021   34.0  (28)

2020   28.6  (19)

2019   30.5  (22)

2018   32.5  (23)

2017   32.3  (20)

2016   33.3 (19)

2015   31.6 (20)

2014   28.3 (04)

2013   29.6 (27)

2012   31.2 (23)

 

(स्रोत : मौसम केंद्र, लखनऊ)