शुक्रवार सुबह एसआइ रामदिनेश तिवारी व अन्य पुलिस कर्मी गोरखपुर न्यायालय से पेशी के बाद मुल्जिम को छोटे बंदी वाहन (जीप) से लेकर वापस बांदा आ रहे थे। हाईवे पर तिंदवारी थाना क्षेत्र के ग्राम बेंदा यमुना नदी पुल पर बंदी वाहन जैसे ही पहुंचा। बंदी वाहन के चालक को झपकी लग गई।

इससे शहर की ओर से जा रहे ट्रक की वाहन में जोरदार टक्कर लग गई। हादसे में पुलिस लाइन के 51 वर्षीय एसआइ राम दिनेश तिवारी, 33 वर्षीय मुल्जिम कमलेश कुमार यादव, कांस्टेबल 47 वर्षीय राजभान सिंह, बंदी वाहन चालक 57 वर्षीय कमलेश घायल हो गए। पुलिस वाहन क्षतिग्रस्त होने से हाईवे पर बांदा व फतेहपुर की सीमा पर दोनों तरफ कई किलोमीटर वाहनों की लंबी लाइन लग गई। सुबह का वाक्या होने से बेंदा चौकी की पुलिस को देर में जानकारी मिल पाई। पूर्व प्रधान बेंदा विवेक कुमार सिंह ने घायलों को क्षतिग्रस्त वाहन से बाहर निकलवाया। जिससे पूर्व प्रधान के निजी वाहन व पुलिस वाहन से घायलों को जिला अस्पताल भिजवाया गया। पुलिस ने किसी तरह रोड पर खड़े वाहन को हटवाया। इससे करीब एक घंटे बाद जाम में फंसे वाहनों का आवागमन शुरू हो सका। तिंदवारी थाना निरीक्षक जाकिर हुसैन ने बताया कि ट्रक की वाहन में साइड से टक्कर लगी है। इससे बंदी वाहन में सवार लोग गंभीर घायल होने से बच गए हैं।
हादसे के बाद जहां बंदी वाहन के चालक घायल हो गए। वहीं वाहन भी स्टार्ट करने लायक नहीं था। क्षतिग्रस्त वाहन को पुलिस ने अपने दूसरे वाहन से टोचिंग कर पुलिस लाइन पहुंचाया है।