कानपुर,अमन यात्रा । भारतीय जनता पार्टी में सक्रिय नेता एवं प्रदेश प्रवक्ता डॉ मनोज मिश्रा का सोमवार भोर पहर निधन हो गया। वह कुछ समय से बीमार चल रहे थे और उनका उपचार चल रहा था। उनके निधन से पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं में शोक की लहर है। भाजपा नेताओं ने उनकी मौत से पार्टी को अपूरणीय क्षति बताया है।

कानपुर में रहने वाले डॉ. मनोज मिश्रा भाजपा की सक्रिय राजनीति से जुड़े और मौजूदा समय प्रदेश प्रवक्ता के पद पर जिम्मेदारी संभाल रहे थे। उन्होंने डीएवी कॉलेज में प्रवक्ता रहते हुए राजनीति शुरू की थी। उन्होंने भाजपा के वरिष्ठ नेता ब्रह्म दत्त द्विवेदी और रामप्रकाश त्रिपाठी के संपर्क में आकर पार्टी ज्वाइन की थी। इसके बाद उन्होंने भारतीय जनता पार्टी के आइटी सेल से काम शुरू किया था। वह भाजपा प्रदेश अध्यक्ष लक्ष्मीकांत बाजपेई, केशव प्रसाद मौर्या, महेंद्र नाथ पांडे के साथ प्रदेश प्रवक्ता पद पर लगातार बने रहे।

सोमवार भोर पहर से पहले तीन बजे के उन्होंने अंतिम सांस ली। वह पार्टी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं के बीच लोकप्रिय थे। मीडिया जगत में भी उनके रिश्ते मधुर थे। वह अपने पीछे पत्नी, बेटा, बेटी एवं पुत्रवधू को छोड़ गए हैं। उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्या, प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह, कानपुर बुंदेलखंड के क्षेत्रीय अध्यक्ष मानवेंद्र सिंह, क्षेत्रीय सह मीडिया प्रभारी अनूप अवस्थी ने उनके निधन पर शोक व्यक्त किया है।