भारतीय जनता पार्टी के अध्यक्ष जेपी नड्डा ने गुरुवार को पार्टी की 80 सदस्यीय कार्यकारिणी की घोषणा की, जिसमें उत्तर प्रदेश से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के साथ केन्द्रीय मंत्री लखनऊ से सांसद राजनाथ सिंह, उत्तर प्रदेश से राज्यसभा सदसय मुख्तार अब्बास नकवी, चंदौली से सांसद डॉ. महेन्द्र नाथ पाण्डेय, अमेठी से सांसद स्मृति जुबिन ईरानी, फतेहपुर से सांसद साध्वी निरंजन ज्योति व मुजफ्फरनगर से सांसद डॉ. संजीव बालियान हैं। प्रदेश से इस कार्यकारिणी में 13 नेता हैं। भाजपा सचेतक मंडल में शामिल डॉ. मुरली मनोहर जोशी जैसे दिग्गज को उत्तर प्रदेश से इसमें फिर से शामिल किया गया है। इनके साथ बरेली से सांसद पूर्व केन्द्रीय मंत्री संतोष गंगवार, योगी आदित्यनाथ सरकार में मंत्री दारा सिंह चौहान, स्वामी प्रसाद मौर्य व ब्रजेश पाठक तथा राज्यसभा सदस्य अनिल जैन भी उत्तर प्रदेश से भाजपा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी में हैं।