लखनऊ अमन यात्रा । उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी से बुधवार देर रात लौटने के बाद गुरुवार सुबह कांग्रेस नेता राहुल गांधी तो दिल्ली लौट गए लेकिन पार्टी की महासचिव व प्रदेश प्रभारी प्रियंका वाड्रा लखनऊ में ही डटी रहीं। लखीमपुर खीरी की घटना में जान गंवाने वाले किसान के परिवार से मिलने के लिए गुरुवार दोपहर वह बहराइच चली गईं। कांग्रेस के मिशन 2022 को धार देने के लिए प्रियंका वाड्रा अब सूबे में डेरा डालेंगी। वह पार्टी के चुनाव अभियान की रूपरेखा तय करने के साथ उसे परवान भी चढ़ाएंगी। अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस प्रत्याशियों के चयन की प्रक्रिया को भी रफ्तार देंगी।

कांग्रेस उत्तर प्रदेश के चार दर्जन से ज्यादा जिलों के 250 से अधिक विधानसभा क्षेत्रों से प्रतिज्ञा यात्रा निकालने की योजना बना रही है। इसके तहत चार यात्राएं निकलेंगी जो प्रदेश के चार अलग-अलग क्षेत्रों से गुजरेंगी। यात्रा इसी माह शुरू होनी है और इसके रूट प्लान को अंतिम रूप दिया जाना है। प्रियंका वाड्रा अपने सलाहकारों व पार्टी के प्रदेश पदाधिकारियों के साथ विचार विमर्श कर यात्रा के रूट प्लान का निर्धारण करेंगी।