लखनऊ,अमन यात्रा । इसी महीने की 18 तारीख को होने जा रहे विधानसभा सत्र के दौरान सत्रहवीं विधानसभा के उपाध्यक्ष का चुनाव होगा। विधानसभा अध्यक्ष ह्दय नारायण दीक्षित ने उपाध्यक्ष के निर्वाचन के लिए 18 अक्टूबर की तारीख घोषित कर दी है। उपाध्यक्ष का निर्वाचन सोमवार को सुबह 11 बजे विधानसभा मंडप में होगा। विधानसभा सचिवालय ने सत्र की तैयारी शुरू कर दी है। विधानसभा का यह इस वर्ष तीसरा सत्र होगा।विधानसभा के तीसरे सत्र के केंद्र में सदन के उपाध्यक्ष का निर्वाचन है।

पूर्व सांसद नरेश अग्रवाल के पुत्र व हरदोई सदर सीट के सपा विधायक नितिन अग्रवाल का विधानसभा उपाध्यक्ष बनना तय माना जा रहा है। भाजपा में शामिल हो चुके नितिन कागजों में अब भी सपा विधायक हैं। विधानसभा चुनाव के लिए वैश्य बिरादरी पर नजर जमाए भाजपा उन्हें विधानसभा उपाध्यक्ष बनाना चाहती है। सदन में भाजपा का प्रचंड बहुमत होने के नाते उनका विधानसभा उपाध्यक्ष बनना तय है।