लखनऊ, अमन यात्रा । उत्तर प्रदेश के ललितपुर जिले में बहुत ही शर्मनाक वारदात हुई है। एक किशोरी से छह वर्षों तक दुष्कर्म किया जाता रहा। पिता-पुत्री के रिश्ते को कलंकित करने वाला शर्मनाक मामला सामने आया है। छठी कक्षा में पढ़ने वाली नाबालिग लड़की को उसके पिता ने ही अपनी हवस का शिकार बना डाला और फिर उसे सफेदपोश लोगों को परोस दिया। घटना सामने आने के बाद पीड़िता ने जो आपबीती सुनाई वह झकझोरने वाली है। सफेदपोश लोगों में समाजवादी पार्टी, बहुजन समाज पार्टी नेताओं के नाम उजागर होने से जिले की राजनीति में भी खलबली मच गई है।

पीड़ित किशोरी ने अपने पिता, चाचा, ताऊ और सपा व बसपा के जिलाध्यक्ष के अलावा शहर के संभ्रांत लोगों पर दुष्कर्म का आरोप लगाया है। पुलिस ने इस मामले में पिता, चाचा, ताऊ के अलावा जिले के सपा व बसपा के नेताओं पर रिपोर्ट दर्ज कर ली है। कुल 28 लोगों पर मुकदमा लिखा गया है, जिनमें 25 नामजद हैं। इनमें नौ परिवार के लोग हैं। 17 वर्षीय किशोरी ने पुलिस से शिकायत की है कि उसके साथ सबसे पहले दुष्कर्म तब हुआ जब वह कक्षा छह में पढ़ती थी। इसके बाद यह सिलसिला शुरू हो गया।