कानपुर, अमन यात्रा। यातायात नियमों मानने के संकल्प के साथ राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह का समापन हो गया। समापन के दौरान जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान में कार्यक्रम आयोजित किया गया। लोगों को सरकार की ओर से सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के प्रयासों की जानकारी दी गई।

राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह का समापन समारोह जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान नर्वल में आयोजित किया गया। संस्थान में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे छात्रों के लिए रंगोली, पेंटिंग, लेखन व क्विज प्रतियोगिता आयोजित की गई। मानव श्रृंखला बनाकर लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया गया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए एआरटीओ सुनील दत्त ने बच्चों को यातायात के नियम बताए। उन्होंने बच्चों से कहा कि वे अपने अभिभावकों को यातायात नियमों का पालन करने के लिए प्रेरित करें। उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा से जुड़े सभी विभागों के संयुक्त प्रयास से सड़क दुर्घटनाओं में कमी आई है।

एआरटीओ विनय पाण्डेय ने कहा कि हादसों का सबसे ज्यादा युवा वर्ग शिकार होते हैं। युवा वर्ग वाहन चलाते समय यातायात नियमों का पालन करे, बाइक स्टंट न करें। स्टंट के दौरान अकसर दुर्घटनाएं होती हैं। उन्होंने कहा कि स्कूलों में बच्चों के बीच यातायात जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। उनको यातायात के नियम समझाएं जा रहे हैं। अगर सभी यातायात नियमों का पालन किया जाए तो दुर्घटनाएं कम हो जाएंगी। जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान की प्राचार्य रेखा श्रीवास्तव,नुजहत आयशा, दीपिका पाठक, संगीत गौतम, इंद्रजीत सिंह, अजीजुर्रहमान, उजमा, साधना सिंह, संतोष कुमार सरोज आदि रहे।