कानपुर, अमन यात्रा। जिला पंचायत चुनाव में जीत की कवायद सभी पार्टियों ने शुरू कर दी है। इसी क्रम में कांग्रेस ने भी गांधी और नेहरू के भारत की याद ग्रामीणों को दिलाकर पंचायत चुनाव में जीत का खाका तैयार किया है। इसके लिए प्रदेश कांग्रेस कमेटी की ओर से जारी पोस्टर और प्रचार पत्रक जिला पंचायत के प्रत्याशियों को भेजे गए हैं।

कांग्रेस कंट्रोल रूम के प्रभारी दक्षिण जिलाअध्यक्ष डॉ शैलेन्द्र दीक्षित ने प्रदेश कांग्रेस कमेटी से आए पोस्टर तथा प्रचार पत्रक को जिला पंचायत प्रत्याशियों के लिए शनिवार को जारी किया। पीसीसी से जारी इन पोस्टर में कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका वाड्रा के नेतृत्व में नारी सम्मान के साथ गांव के विकास का वादा किया गया है। इसके साथ ही कांग्रेस का सपना समृद्ध हो गांव अपना का नारा भी दिया गया है। प्रत्याशियों को भेजे गए पोस्टर में महात्मा गांधी, जवाहरलाल नेहरू और राजीव गांधी के आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को दोहराया गया है।

प्रचार पत्रक में कांग्रेस के संघर्ष एवं समस्याग्रस्त जनता का साथ देने जैसे कई कार्यों का वर्णन भी किया गया है। प्रचार पत्रक में बढ़ती महंगाई और असुरक्षा जैसे मुद्दों को भी उठाया गया है। फ्री वाईफाई, टीकाकरण, शिक्षा, सिंचाई जल, पेयजल, चिकित्सा, पेंशन, पक्का मकान दिए जाने का वायदा भी कांग्रेस ने किया है। डॉ. शैलेंद्र दीक्षित ने बताया कि प्रचारक पत्रक प्रदेश कांग्रेस कमेटी द्वारा प्रत्याशियों को उपलब्ध करा कराए जा रहे हैं।