इटावा, अमन यात्रा। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव 2021 के क्रम में सोमवार को द्वितीय चरण में जिले में भी मतदान का क्रम सुबह सात बजे से शुरू हो गया है। गांव की सरकार का फैसला करने के लिए मतदाता घरों से निकलकर बूथों पर पहुंच रहे हैं। 9 लाख 48 हजार 425 मतदाता मतपेटी में प्रधान, जिला, क्षेत्र तथा ग्राम पंचायत सदस्य पद के प्रत्याशियों की किस्मत का फैसला कैद करेंगे। जिले में पंचायत चुनाव के 6980 पदों के लिए 7718 उम्मीदवार मैदान में हैं। सबसे ज्यादा 471 ग्राम प्रधान के लिए 4076 प्रत्याशी अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। आयोग की प्रेक्षक गरिमा यादव भी मतदान केंद्राें पर निरीक्षण करने निकली हैं।

  • इटावा में 11 बजे तक 22.8 प्रतिशत मतदान हो चुका है। जसवंत नगर में 21, ताखा में 24, सैफई में 24, बढ़पुरा में 21.50, बसरेहर में 26, भरथना में 24, महेवा में 21, चकरनगर में 21 प्रतिशत मतदान हुआ है।
  • सुबह से मतदान जारी है और अच्छी गति में वोटिंग हो रही है। शुरुआती दो घंटे में नौ बजे तक दस फीसद मतदान हो चुका है।

पूर्व सांसद ने डाला वोट

बदायूं के पूर्व सांसद धर्मेंद्र यादव ने सैफई में मताधिकार का प्रयोग किया। उन्होंने कहा कि इटावा, मैनपुरी, कन्नौज जहां पर भी सपा के प्रत्याशी चुनाव लड़ रहे हैं, वह सभी जीतेंगे। सैफई में भी सपा समर्थित प्रत्याशी ही विजयी होगा। कोविड के चलते नेताजी मुलायम सिंह यादव व पूर्व मुख्यमंत्री व सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव सैफई वोट डालने नहीं आ पाएंगे। अखिलेश यादव अब ठीक हैं और जल्द ही हम सबके मध्य होंगे।

कई जगह नहीं पहुंचे मतपत्र

सुबह मतदान शुरू होने के बाद महेवा ब्लॉक में कई बूथों पर मतपत्र न पहुंचने की शिकायतें मिलीं। ग्राम बहेड़ा के बूथ संख्या 253 व 3254 में क्षेत्र पंचायत सदस्य पद के मतपत्र नहीं पहुंचे। यहां पर 35 मिनट से मतदान रुका हुआ है। अपर जिलाधिकारी जयप्रकाश ने मौके पर पहुंचकर मतदान अधिकारी को तत्काल मतपत्रों की व्यवस्था करने के निर्देश दिये। ग्राम पंचायत आलमपुर बिबौली में क्षेत्र पंचायत वार्ड नंबर 65 से एक प्रत्याशी का चुनाव निशान बैलट पेपर पर नहीं होने से मतदान रोक दिया गया। मतदान अधिकारी द्वारा उच्च अधिकारियों को अवगत कराया गया है। बरालाेकपुर में 90 वर्षीय रामकिशन गुप्ता ने वोट डाला।

कोविड-19 महामारी के चलते सभी को दो गज की दूरी और चेहरे पर मास्क जरूरी काे लेकर भी बूथों पर जागरूक किया जा रहा है। सुबह सात बजे से बूथों पर वोटरों की कतार दिखाई देने लगी हैं और सायं छह बजे तक मतदान होगा। जो मतदाता छह बजे के पहले कतार में लग जाएगा उन्हें वोट डालने का मौका छह बजे के बाद भी मिलेगा।

जनपद में सबसे ज्यादा ग्राम पंचायत सदस्य के कुल 5903 पद हैं लेकिन इस पद के प्रति लोगों का क्रेज काफी कम हो गया है। कई निर्विरोध चुन लिए गए तो चुनाव महज 1260 पद के लिए कराया जाएगा। मतदान कराने के लिए प्रशासन ने तैयारियां पूर्ण कर ली है। कई जिलों की पुलिस ने चप्पे-चप्पे पर डेरा डालकर अराजक तत्वों की हवा सी निकाल दी है। डीएम से लेकर एसडीएम तक बूथों के निरीक्षण पर हैं और मतदान के दौरान मतदाताओं को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो इसके लिए विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

पदों की संख्या

ब्लॉक : ग्राम पंचायत : सदस्य ग्राम पंचायत : सदस्य क्षेत्र पंचायत : सदस्य जिला पंचायत

चकरनगर 41 493 44 2

बढ़पुरा 61 753 74 3

ताखा 42 542 60 3

जसवंतनगर 61 771 80 3

महेवा 91 1145 106 5

बसरेहर 67 835 82 3

सैफई 45 567 53 2

भरथना 63 797 83 3

उम्मीदवारों का विवरण

ब्लॉक : प्रधान पद : ग्राम पंचायत सदस्य : क्षेत्र पंचायत सदस्य : जिला पंचायत सदस्य

चकरनगर : 264 :10 :214 :26

बढ़पुरा : 427 :142 :306 :27

ताखा : 453 :139 :311 :47

जसवंतनगर : 567 133 231 31

महेवा : 840 :442 :408 :39

बसरेहर : 569 :157 :273 :19

सैफई : 333 :135 :117 :12

भरथना : 623 :102 :296 :25

जनपद में निर्धारित पद

ग्राम पंचायत प्रधान – 471

ग्राम पंचायत सदस्य – 5903

क्षेत्र पंचायत सदस्य – 582

जिला पंचायत सदस्य – 24

मतदान एक नजर में

कुल मतदान केंद्र – 827

कुल मतदान स्थल – 1624

जोनल मजिस्ट्रेट – 30

सेक्टर मजिस्ट्रेट – 173