कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका वाड्रा ने पदाधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वह घर-घर जाकर लोगों से मिलें। सवालों की एक लंबी सूची पर उनसे जवाब लिखवाएं। जिसके बाद कांग्रेस उनकी जरूरतों की लड़ाई सरकार से लड़ेगी। इसके लिए जिला कांग्रेस कमेटी तेज तर्रा कार्यकर्ता ढूंढ़ रही है। ऐसा इसलिए क्योंकि इन पर कई जिम्मेदारियां होंगी। मसलन कांग्रेस की ओर से पूछे गए सवालों के जवाब के साथ ही उसका डाटा तैयार करना। क्षेत्रीय लोगों की सूची बनाकर उनकी मदद का सिलसिला आगे बढ़ाना। आर्थिक और सामाजिक जरूरतों को पूरी करने में उनकी मदद कराना। यह सब करने के लिए कांग्रेस चुने गए कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षण भी देगी। कांग्रेस नेता राजीव द्विवेदी बताते हैं कि आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस ने आम जनमानस के बीच जाकर उनकी आवाज को बुलंद करने का जो ब्लूप्रिंट खींचा है यदि वह अपने लक्ष्य तक पहुंचा ताे आगामी विधानसभा चुनाव में काफी असर डालेगा। वरिष्ठ नेता शंकरदत्त मिश्र कहते हैं कि इसके लिए जिम्मेदार कार्यकर्ताओं की तलाश की जा रही है क्योंकि उनके कंधे पर ही मिशन 2022 होगा। उत्तर जिलाध्यक्ष नौशाद आलम मंसूरी ने बताया कि राष्ट्रीय महासचिव ने जो जिम्मेदारी दी है उसे कार्यकर्ता पूरी ईमानदारी से निभाएंगे।