कानपुर देहात,अमन यात्रा : अकबरपुर कृपालपुर में किसान बदलू की हत्या के आरोपित सुरेंद्र कुमार को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से चाकू भी बरामद कर लिया गया है।

कृपालपुर गांव में किसान बदलू की हत्या उसके पड़ोसी सुरेंद्र ने चाकू से गला रेतकर कर दी थी। उसने बदलू का गला ही रेतकर अलग कर दिया था। 15 वर्षों से चली आ रही रंजिश व बदलू के बेटे वीरू द्वारा सुरेंद्र की भतीजी को भगा ले जाने के कारण घटना को अंजाम दिया गया था। पुलिस हत्यारोपित की तलाश में दबिश दे रही थी। शनिवार को सुरेंद्र को थाना प्रभारी तुलसीराम पांडेय ने झांसी हाईवे के पास से गिरफ्तार कर लिया। उसकी निशानदेही पर चाकू भी बरामद कर लिया गया।

उसने बताया कि 15 वर्ष पूर्व उसकी भाभी को बदलू भगा ले गया था किसी तरह उसने इस बेइज्जती को भुलाया था, लेकिन कुछ दिन पहले उसका बेटा उनकी भतीजी को भगा ले गया। इस बार वह इसे बर्दाश्त नहीं कर सका और सोच लिया कि हत्या करनी है। वीरू तो लौटकर आया नहीं था इसलिए बदलू की हत्या कर दी। उसे अपने किए पर कोई पश्चाताप नहीं है। उधर पोस्टमार्टम में नाक पर चाकू से एक वार मिला साथ ही पीठ पर रगड़ने के निशान मिले हैं। सिर धड़ से अलग ही था।

गांव किनारे ही बदलू का अंतिम संस्कार किया गया। पत्नी छिदाना, बेटे रमेश समेत अन्य स्वजनों का रोकर हाल बुरा हो गया। सभी सुरेंद्र को कोस रहे थे। थाना प्रभारी ने बताया कि हत्यारोपित को गिरफ्तार कर लिया गया है।