लखनऊ, अमन यात्रा । उत्तर प्रदेश में कांग्रेस को पुराना मुकाम दिलाने की खातिर बड़े अभियान में लगीं पार्टी की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा करीब दो हफ्ते के अंतराल पर सोमवार को फिर लखनऊ आ रही हैं। लखनऊ में इस बार प्रियंका गांधी का प्रवास पांच दिन का होगा।

प्रियंका गांधी सोमवार को शाम चार बजे लखनऊ पहुंचेंगी। वह एयरपोर्ट से सीधे कौल हाउस जाएंगी। कौल हाउस के बाद से फिर पार्टी कार्यालय आएंगी। वह सोमवार को ही काम शुरू कर देंगी। पार्टी कार्यालय में पदाधिकारियों के साथ बैठक कर अब तक के काम का जायजा लेंगी। इसके साथ ही 2022 के चुनाव की तैयारियों का जायजा लेंगी।

लखनऊ में अपने पांच दिन के प्रवास पर वह कांग्रेस की प्रतिज्ञा यात्रा और प्रदेश के विभिन्न शहरों में अपनी जनसभाओं को लेकर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के साथ विस्तृत चर्चा करेंगी। इसके साथ ही साथ उनका प्रयास संगठन के भीतर उपजे असंतोष को थामने का भी है। उत्तर प्रदेश में 2022 में होने वाले विधानसभा चुनाव के पहले कांग्रेस को लगातार लग रहे झटकों के बीच में भी प्रियंका की कोशिश है कि वह पार्टी की चुनावी तैयारियों को आगे बढ़ाएं।