लखनऊ, अमन यात्रा । भाजपा का चुनावी रथ किसी भी दिशा में हिचकोले न खाए, इसके लिए सरकार और संगठन का प्रदेश नेतृत्व क्षेत्रवार राह के कील-कांटे बीनने में जुटा है। अवध के बाद ब्रज और कानपुर क्षेत्र की बैठक में भी विधायक और संगठन पदाधिकारियों के साथ गहन विचार मंथन हुआ। विधायकों ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को क्षेत्र के बचे काम गिनाने के साथ अभी चल रही बिजली कटौती पर चिंता जताई तो पार्टी प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्रदेव सिंह ने संगठन पदाधिकारियों को सलाह दी कि विधायकों के साथ समन्वय में जुटें। नए-नए टिकटार्थी तैयार न करें।

मुख्यमंत्री के सरकार आवास पर शनिवार को पहले ब्रज क्षेत्र की बैठक हुई। इसमें मुख्यमंत्री और प्रदेश अध्यक्ष के अलावा उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, डा. दिनेश शर्मा और भाजपा के प्रदेश महामंत्री संगठन सुनील बंसल भी थे। बैठक में मौजूद सूत्रों ने बताया कि योगी ने सरकार द्वारा कराए गए प्रमुख कार्य, बड़ी योजनाओं का उल्लेख किया। कहा कि हर वर्ग के लाभ की तमाम योजनाएं हैं। अधिक से अधिक जरूरतमंदों को इनसे जोड़ना होगा। उन्होंने विधायकों से क्षेत्रवार जानकारी मांगी तो उन्होंने अब तक कराए गए प्रमुख काम बताने के साथ मांग रखी कि अब जो शेष कार्य हैं, वह जल्द पूरे करा दिए जाएं। वहीं, अभी कोयले की कमी से सामने आई बिजली कटौती की समस्या कई विधायकों ने रखी। कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में 12-14 घंटे की बिजली आपूर्ति हो रही है।