उत्तर प्रदेश में महिलाओं का प्रतिनिधित्व बढ़ाने के लिए सरकार प्रतिबद्ध: योगी
उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड विधान मंडल की कॉमनवेल्थ पार्लियामेंटरी एसोसिएशन (भारत क्षेत्र, जोन-1) के तहत महिला सदस्यों का सम्मेलन रोजिएट पैलेस हॉल, इटरनिटी होटल में संपन्न हुआ। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शिरकत की।

- महिला सशक्तिकरण के लिए सरकार की योजनाओं का हुआ उल्लेख
- कानपुर में आयोजित महिला विधायकों के सम्मेलन में योगी आदित्यनाथ ने की शिरकत
- उत्तर प्रदेश में महिलाओं के लिए नया युग: योगी आदित्यनाथ
कानपुर नगर: उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड विधान मंडल की कॉमनवेल्थ पार्लियामेंटरी एसोसिएशन (भारत क्षेत्र, जोन-1) के तहत महिला सदस्यों का सम्मेलन रोजिएट पैलेस हॉल, इटरनिटी होटल में संपन्न हुआ। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शिरकत की। सम्मेलन में उत्तर प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना, उत्तराखंड विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूरी भूषण, महिला कल्याण मंत्री बेबी रानी मौर्य, माध्यमिक शिक्षा मंत्री गुलाब देवी, महिला कल्याण राज्य मंत्री प्रतिभा शुक्ला, उच्च शिक्षा राज्य मंत्री रजनी तिवारी और दोनों राज्यों की महिला विधायक उपस्थित रहीं।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने संबोधन में कहा कि भारतीय लोकतंत्र विश्व का सबसे बड़ा और प्राचीन लोकतंत्र है। उन्होंने भारतीय गणराज्यों की परंपरा का जिक्र करते हुए बताया कि छठी शताब्दी ईसा पूर्व में वैशाली और मगध जैसे गणराज्य स्थापित हुए थे। उन्होंने संविधान सभा की 15 महिला सदस्यों के योगदान की सराहना करते हुए बताया कि 1952 के आम चुनाव में महिलाओं को मताधिकार प्रदान कर भारत ने समानता का उदाहरण प्रस्तुत किया।
मुख्यमंत्री ने बताया कि उत्तर प्रदेश विधानसभा में पिछले तीन वर्षों से ई-विधान और पेपरलेस प्रक्रिया अपनाई जा रही है। उन्होंने कहा कि विधानसभा में लगभग 15% महिलाओं का प्रतिनिधित्व है, जो राजनीति में उनकी बढ़ती भागीदारी को दर्शाता है। प्रदेश में 56% ब्लॉक प्रमुख और 70% जिला पंचायत अध्यक्ष महिलाएं हैं, जो उनके नेतृत्व क्षमता और सशक्तिकरण का प्रमाण है। उन्होंने सरकार की विभिन्न योजनाओं जैसे नारी शक्ति वंदन अधिनियम, नि:शुल्क गैस कनेक्शन, आवास और बेसिक शिक्षा परिषद के बच्चों को मुफ्त यूनिफॉर्म, जूते, और स्वेटर प्रदान करने का उल्लेख किया।
विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना ने महिलाओं की विधायिका में प्रभावी उपस्थिति की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने कहा कि महिला विधायकों का यह सम्मेलन पूरे देश को प्रेरणा देगा और अन्य राज्यों को भी इस प्रकार के आयोजन करने चाहिए। उत्तराखंड विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूरी भूषण ने विधायिका में महिलाओं की सहभागिता और संसदीय लोकतंत्र को मजबूत करने में उनकी भूमिका को रेखांकित किया।
अंत में महिला कल्याण मंत्री बेबी रानी मौर्य ने सभी गणमान्य अतिथियों का धन्यवाद ज्ञापित किया। इस अवसर पर प्रमुख सचिव विधानसभा प्रदीप कुमार दुबे, मुख्यमंत्री के मुख्य सलाहकार अवनीश अवस्थी, मंडलायुक्त अमित गुप्ता और विजयेंद्र पांडियन, एडीजी कानपुर आलोक सिंह, पुलिस कमिश्नर अखिल कुमार, जिलाधिकारी राकेश कुमार सिंह, नगर आयुक्त सुधीर कुमार और मुख्य विकास अधिकारी दीक्षा जैन सहित कई वरिष्ठ अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
Discover more from अमन यात्रा
Subscribe to get the latest posts sent to your email.