बीजलपुर गांव निवासी शिवराज के 20 वर्षीय पुत्र शिवभान उर्फ धर्मेंद्र का गांव की 18 वर्षीय आसमा देवी पुत्री सोबरन सिंह से काफी समय से प्रेम प्रसंग चल रहा था। दोनों सजातीय थे और छिपछिप कर मिलते रहते थे। उनके प्रेम प्रसंग की जानकारी घर वालों को नहीं थी लेकिन दोनों साथ जीने-मरने की कसमें खा चुके थे। इधर, प्रेम प्रसंग से अनजान घर वालों ने आसमा की शादी दो माह पहले दूसरी जगह तय कर दी थी। शिवभान की शादी भी तय होने पर सोमवार को वरीक्षा का कार्यक्रम था। उसके घर में कार्यक्रम की तैयारी चल रही थी।

सोमवार की सुबह करीब सात बजे ग्रामीण गांव के बाहर खेतों पर गए तो शिवभान का शव फांसी के फंदे पर नीम के पेड़ से लटका देखा। ग्रामीणों से मिली जानकारी पर रोते-बिलखते स्वजन भी आ गए। इस बीच रोती हुई आसमा भी आई और प्रेमी की मौत का सदम बर्दाश्त न कर सकी। वह वापस घर पहुंची और कमरे में दुपट्टे का फंदा बना फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। इसके बाद दोनों के बीच प्रेम प्रसंग की बात सामने आई और ग्रामीणों ने स्वजन को जानकारी दी। शिवभान के पिता शिवराज ने बताया कि अगर पता होता तो वह शादी करा देते। न जाने क्यों बेटे ने उसे नहीं बताया। दोनों के स्वजन का रो रो कर बुरा हाल है। सूचना पर गांव आई पुलिस ने घटना की पड़ताल शुरू की है।