चित्रकूट से लौटते समय बांदा में रुके सपा प्रदेश अध्यक्ष, कहा- पूंजीवादी सत्ता को उखाड़ फेकेंगे किसान व युवा
समाजवादी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम पटेल ने बुधवार को यहां भाजपा सरकार पर जमकर प्रहार किया। चित्रकूट से लौटते समय बदौसा के शास्त्री ग्राउंड में जनसभा को संबोधित किया।

बांदा, अमन यात्रा । समाजवादी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम पटेल ने बुधवार को यहां भाजपा सरकार पर जमकर प्रहार किया। चित्रकूट से लौटते समय बदौसा के शास्त्री ग्राउंड में जनसभा को संबोधित किया। बोले, किसानों को उनके फसल का सही मूल्य व लाभ मिले, उनके परिश्रम को सम्मान मिले, इस सोच के साथ सरदार पटेल व गांधीजी ने किसानों को लामबंद कर दो सौ वर्षों से चली आ रही ब्रिटिश सत्ता को किसानों व नौजवानों की ताकत के दम पर उखाड़ फेंका था। आज किसानों व नौजवानों को फिर जरूरत है कि किसान व नौजवान विरोधी पूंजीवादी सत्ता को उखाड़ फेकें।
किसान नौजवान यात्रा लेकर जिले की सीमा में पहुंचने पर उनका भव्य स्वागत किया गया। रास्ते में जगह-जगह तोरणद्वार बनाए गए थे। विधानसभा चुनाव सिर पर देख चेहरा दिखाने की होड़ लगी रही। प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि देश की आजादी के 75 सालों में 65 साल साल तक पूंजीवादी ताकतों ने इस देश पर राज किया है, जिसके चलते किसानों सही मूल्य व उनके परिश्रम का सम्मान नहीं मिला। वहीं युवाओं को सही दिशा नहीं मिली है। इन सरकारों ने (कांग्रेस व बीजेपी) सिर्फ उद्योगपतियों को लाभ पहुंचाने का कार्य किया। जिसके चलते पूंजीपतियों ने किसानों को उबरने नहीं दिया। सरकार वह चाहे मोरारजी देसाई की हो या वीपी सिंह की या फिर एचडी देवगौड़ा की सरकार रही हो, इनको गिराने व सत्ता से बेदखल करने का कार्य किया और पूंजीवादी सरकारों के साथ मिलकर अपना उल्लू सीधा किया है। जिसके चलते गांधीजी द्वारा किसानों व नौजवानों की भलाई के लिए सोचा गया सपना धरा का धरा रह गया है। उन्होंने भाजपा को अपने वादे से मुकरने और किसानों नौजवानों के साथ छल करने का आरोप लगाया। कहा कि सत्ता में आने के पूर्व यही भाजपा किसानों को एमएसपी मूल्य देने व नौजवानों को हर साल दो करोड़ नौकरी देने का वादा किया था, परंतु आज किसानों और नौजवानों को लाठियां मिल रही हैं। उनकी मांगों पर अलोकतांत्रिक तरीके से लाठीचार्ज व फर्जी मुकदमों में फंसाने का कार्य किया जाता है। भाजपा राजा महाराजाओं की पार्टी है, इसकी कथनी और करनी में फर्क है। इसलिए किसानों और नौजवानों को चाहिए कि इस सरकार को उखाड़ फेंके। इस सरकार ने खाद, बिजली, पढ़ाई, सिंचाई व दवाई महंगी कर आम आदमी को महंगाई से जूझने में विवश कर दिया है। रोजगार नहीं हैं, नौजवान बेरोजगारी से त्रस्त हैं। इसलिए समाजवादी पार्टी के साथ आएं, प्रदेश में अखिलेश यादव के नेतृत्व में किसानों व नौजवानों की सरकार बनाने का कार्य करें। जिलाध्यक्ष विजय करन यादव, पूर्व मंत्री सिद्ध गोपाल साहू, सत्यनारायण सोनकर, ओमनारायण त्रिपाठी विदित, निर्भय पटेल, अल्पसंख्यक सभा जिला अध्यक्ष मुशीर अहमद, देवराज गुप्ता, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष शिवशंकर यादव, कमलेश पटेल आदि मौजूद रहे।

Author: pranjal sachan
कानपुर ब्यूरो चीफ अमन यात्रा
Related
Discover more from अमन यात्रा
Subscribe to get the latest posts sent to your email.