लखनऊ, अमन यात्रा । नागरिकों के बीच सरकार का रिपोर्ट कार्ड ले जाकर उनका भरोसा हासिल करने और जनता के विश्वास का रंग गाढ़ा करने के लिए भारतीय जनता पार्टी रविवार से उत्तर प्रदेश में अपने छह संगठन क्षेत्रों से जन विश्वास यात्राएं निकालेगी। सभी विधानसभा क्षेत्रों से होकर गुजरने वाली इन यात्राओं के जरिए सांस्कृतिक विरासत की महत्ता उकेरने के साथ राष्ट्रवाद का संदेश भी जन-जन तक पहुंचाने का काम किया जाएगा। साथ ही हिंदुत्व के मुद्दों को और धार देने के लिए एजेंडें में शामिल धार्मिक स्थानों का चयन भी यात्राओं के रोड मैप में किया गया है। ऋषि मुनियों और क्रांतिकारियों की धरा से यात्रा निकाल कर राष्ट्रभक्ति के तापमान को बढ़ाए रखने का काम किया जाएगा।

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा समेत पार्टी के दिग्गज नेता इन यात्राओं का शुभारंभ करेंगे। यात्राओं की शुरुआत जनसभा से होगी। इन यात्राओं के जरिये प्रदेश के सभी हिस्सों और विधान सभा क्षेत्रों के लोगों तक पहुंचने की कोशिश होगी। यात्राओं के जरिये संगठन के कामकाज और पार्टी के संभावित उम्मीदवारों का दमखम भी परखा जाएगा। यात्राओं के लिए स्थानों का चयन भी सांस्कृतिक राष्ट्रवाद के एजेंडा को ध्यान में रखकर किया गया है।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने शनिवार को बताया कि पहली जन विश्वास यात्रा महाराजा सुहेलदेव राजभर और रामायण मेला के प्रणेता डा. राममनोहर लोहिया की जन्मस्थली अंबेडकरनगर से शुरू होगी जिसका शुभारंभ पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा करेंगे। यात्रा शुभारंभ सभा में प्रदेश चुनाव प्रभारी और केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान व केंद्रीय राज्य मंत्री कौशल किशोर भी उपस्थित रहेंगे। यात्रा अंबडेकर नगर से अयोध्या, गोंडा, बलरामपुर, श्रावस्ती, बहराइच, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, हरदोई, उन्नाव, रायबरेली, बाराबंकी होते हुए लखनऊ के काकोरी क्षेत्र में समाप्त होगी।

दूसरी यात्रा मथुरा से शुरू होगी जिसे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ रवाना करेंगे। इस मौके पर केंद्रीय मंत्री डा.महेन्द्र नाथ पाण्डेय, सांसद संतोष गंगवार और सांसद राजवीर सिंह मौजूद रहेंगे। यात्रा मथुरा से अलीगढ़, एटा, मैनपुरी, हाथरस, आगरा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, एटा, कासगंज, बदायूं, शाहजहांपुर होते हुए पीलीभीत में खत्म होगी।

झांसी से शुरू होने वाली तीसरी यात्रा का शुभारंभ केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह करेंगे। उप मुख्यमंत्री दिनेश शर्मा और केंद्रीय राज्य मंत्री साध्वी निरंजन ज्योति भी इस अवसर पर मौजूद होंगे। यह यात्रा झांसी से ललितपुर, महोबा, बांदा, चित्रकूट, फतेहपुर, हमीरपुर, जालौन, औरैया, इटावा, फर्रुखाबाद, कानपुर देहात होते हुए कानपुर में समाप्त होगी।

चौथी यात्रा बिजनौर में विदुर कुटी से शुरू होगी जिसे केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी रवाना करेंगे। यात्रा के शुभारंभ के मौके पर उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और केंद्रीय मंत्री संजीव बालियान भी उपस्थित रहेंगे। बिजनौर से मुजफ्फरनगर, सहारनपुर, शामली, बागपत, मेरठ, गाजियाबाद, गौतमबुद्धनगर, बुलंदशहर, हापुड़, अमरोहा, मुरादाबाद, संभल से होते हुए यात्रा रामपुर में समाप्त होगी।

पांचवीं यात्रा भृगु ऋषि और क्रांति की धरा बलिया से शुरू होगी जिसे भाजपा प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह और वन दारा सिंह चौहान की मौजूदगी में मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान रवाना करेंगे। बलिया से आरंभ होकर यात्रा मऊ, आजमगढ़, गोरखपुर, देवरिया, कुशीनगर, महराजगंज, सिद्धार्थनगर, संतकबीरनगर होते हुए बस्ती तक जाएगी।

छठवीं यात्रा गाजीपुर से शुरू होगी जिसका शुभारंभ केंद्रीय महिला और बाल विकास मंत्री स्मृति ईरानी श्रम मंत्री स्वामी प्रसाद मौर्य और विधायी मंत्री ब्रजेश पाठक की मौजूदगी में करेंगी। यात्रा गाजीपुर से शुरू होकर चंदौली, सोनभद्र, मीरजापुर, प्रयागराज, कौशांबी, प्रतापगढ़, भदोही, वाराणसी, जौनपुर, सुल्तानपुर होते हुए अमेठी में समाप्त होगी।