जनपद जेल में अपर्णा यादव का दौरा: महिला बंदियों को आत्मनिर्भरता की प्रेरणा
उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष श्रीमती अपर्णा यादव ने सोमवार को कानपुर देहात जिला कारागार की महिला बैरक का औचक निरीक्षण किया। उनके साथ अन्य प्रतिनिधि सदस्य भी मौजूद थे।

- आयोग उपाध्यक्ष ने 'मन की बात' सुनने और कौशल विकास पर दिया जोर, जेल प्रशासन की हुई सराहना
कानपुर देहात। उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष श्रीमती अपर्णा यादव ने सोमवार को कानपुर देहात जिला कारागार की महिला बैरक का औचक निरीक्षण किया। उनके साथ अन्य प्रतिनिधि सदस्य भी मौजूद थे। निरीक्षण के दौरान, श्रीमती यादव ने महिला बंदियों के रहन-सहन, खानपान और उनके मुकदमों की स्थिति के बारे में जानकारी ली।
रोजगार और ‘मन की बात‘ सुनने को प्रोत्साहन: उपाध्यक्ष ने महिला बंदियों को आत्मनिर्भर बनाने के लिए विशेष रूप से प्रोत्साहित किया। उन्होंने उन्हें स्वयं भोजन पकाने, महिला बैरक में बेकरी स्थापित कर ब्रेड बनाने का प्रशिक्षण लेने के लिए प्रेरित किया। इसके साथ ही, उन्होंने प्रधानमंत्री के “मन की बात” कार्यक्रम को सुनने के लिए भी महिलाओं को प्रोत्साहित किया, ताकि वे देश को दिए जाने वाले महत्वपूर्ण संदेशों से जुड़ सकें।
बच्चों को गिफ्ट, महिलाओं को फल: निरीक्षण के दौरान, श्रीमती यादव ने जिला कारागार में महिला बंदियों के साथ रह रहे बच्चों को गिफ्ट हैम्पर वितरित किए। उन्होंने महिला बंदियों को भी फल (जैसे केले) वितरित कर उनका हालचाल पूछा।
जेल परिसर और महिला बंदियों के काम की सराहना: अपर्णा यादव ने महिला बंदियों द्वारा निर्मित किए गए आकर्षक बैगों और बच्चों के खिलौनों की सुंदरता की जमकर प्रशंसा की। उन्होंने महिला बैरक की साफ-सफाई का बारीकी से निरीक्षण किया और जिला कारागार परिसर की बेहतरीन स्वच्छ व्यवस्था को सराहा। उन्होंने कहा कि “महिला बैरक अहाते की भूमि को गेरू एवं गाय के गोबर से लिपाई होने से अहाते की सुंदरता के साथ-साथ वातावरण में भी ठंडक की अनुभूति होती है।” उन्होंने जिला कारागार के अधिकारियों की उत्कृष्ट कार्यप्रणाली, प्रशासनिक दक्षता और अनुशासनात्मक व्यवस्था की भी भूरी-भूरी प्रशंसा की।
इस निरीक्षण के दौरान जेल अधीक्षक धीरज कुमार, जेलर डॉ. विजय कुमार पाण्डेय, उप जेलर डॉ. राजेश कुमार, उप जेलर इजहार अहमद, चिकित्साधिकारी डॉ. मनीष सिंह, फार्मासिस्ट शादाब नफीस, एवं अन्य जेल कर्मी मौजूद रहे।
Discover more from अमन यात्रा
Subscribe to get the latest posts sent to your email.