प्रयागराज, अमन यात्रा । उत्‍तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने दावा किया कि आगामी विधान सभा के चुनाव में 2017 से भी ज्यादा सीटें भाजपा जीतेगी। इसकी वजह यह कि भाजपा ने सुशासन दिया है। इससे पहले माफिया राज होता था। सभी विपक्षी दल उसे ही प्रश्रय देते थे। आज उनके चेहरे से नकाब उतर चुका है। अपराधी जेल में हैं। आम जनता खुशहाल हो रही है। किसानों की भी आय बढ़ रही है। भाजपा ने कभी भी जातिवाद को विस्तार नहीं दिया। हमारी सरकार में गरीबों को उनका हक मिल रहा है।

 

बोले केशव, भाजपा राष्‍ट्र के नव निर्माण में जुटी है

उप मुख्‍यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि भाजपा राष्ट्र के नवनिर्माण में लगी है। वैश्विक मंच पर भी छवि को बेहतर बनाने का प्रयास हो रहा है। रक्षा, बौद्धिक संपदा सहित सभी क्षेत्रों में देश को सशक्त बनाने का प्रयास हो रहा है। इस कार्य में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सभी को साथ लेकर चल रहे हैं।