घूसखोर लेखपाल चढ़ी विजिलेंस के हत्थे, कानपुर देहात में तहसील परिसर से हुई गिरफ्तारी
भ्रष्टाचार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत आज जनपद कानपुर देहात में विजिलेंस टीम को बड़ी सफलता मिली। भ्रष्टाचार निवारण संगठन, उत्तर प्रदेश की कानपुर इकाई ने तहसील सिकन्दरा में कार्यरत राजस्व लेखपाल विनीता यादव को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया।

- भूमि की कुराबंदी के लिए मांगी थी रिश्वत, शिकायत पर भ्रष्टाचार निवारण संगठन का शिकंजा
- तहसील सिकन्दरा में कार्यरत थी लेखपाल विनीता यादव, आवास पर रिश्वत लेते हुए पकड़ी गई
- भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज, राजस्व विभाग में मचा हड़कंप
कानपुर देहात। भ्रष्टाचार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत आज जनपद कानपुर देहात में विजिलेंस टीम को बड़ी सफलता मिली। भ्रष्टाचार निवारण संगठन, उत्तर प्रदेश की कानपुर इकाई ने तहसील सिकन्दरा में कार्यरत राजस्व लेखपाल विनीता यादव को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। यह गिरफ्तारी लेखपाल के तहसील परिसर स्थित आवास पर की गई।
जानकारी के अनुसार, एक शिकायतकर्ता ने भ्रष्टाचार निवारण संगठन से संपर्क कर लेखपाल विनीता यादव द्वारा भूमि की कुराबंदी करने के एवज में रिश्वत मांगे जाने की शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए विजिलेंस टीम ने योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई की।
आज विजिलेंस टीम ने लेखपाल विनीता यादव के आवास पर दबिश दी, जहां शिकायतकर्ता द्वारा रिश्वत की रकम दिए जाते ही उन्हें रंगे हाथों पकड़ लिया गया। इस कार्रवाई से तहसील कर्मचारियों में हड़कंप मच गया।
भ्रष्टाचार निवारण संगठन के अधिकारियों ने बताया कि आरोपी लेखपाल विनीता यादव के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है और आगे की विधिक कार्यवाही जारी है। इस गिरफ्तारी को जनपद में भ्रष्टाचार के खिलाफ एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।



