फिल्म ‘यादव जी की लव स्टोरी’ पर प्रतिबंध की मांग: यादव समाज के दिग्गजों ने जिलाधिकारी को सौंपा ज्ञापन
कानपुर देहात के अकबरपुर में यादव समाज और विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधियों ने फिल्म 'यादव जी की लव स्टोरी' के (Script) पर कड़ा विरोध दर्ज कराया है

अकबरपुर, कानपुर देहात।कानपुर देहात के अकबरपुर में यादव समाज और विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधियों ने फिल्म ‘यादव जी की लव स्टोरी’ के कथानक (Script) पर कड़ा विरोध दर्ज कराया है। महामहिम राज्यपाल को संबोधित एक ज्ञापन जिलाधिकारी को सौंपते हुए समाज के नेताओं ने आरोप लगाया कि यह फिल्म लव जिहाद जैसे विषयों को बढ़ावा देकर सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने की साजिश है।
प्रमुख नेताओं की मौजूदगी में सौंपा गया ज्ञापन
ज्ञापन सौंपने वालों में मुख्य रूप से बृजमोहन यादव (जिला अध्यक्ष, सैनिक प्रकोष्ठ), चौधरी सरनाम सिंह यादव (जिला अध्यक्ष, मजदूर सभा) और अरविंद यादव (जिला सचिव, मजदूर सभा) शामिल रहे। इसके अलावा विजयलक्ष्मी (जिला अध्यक्ष, महिला सभा) ने भी फिल्म में महिलाओं के चित्रण पर कड़ा ऐतराज जताया।
धार्मिक और सामाजिक भावनाओं को ठेस पहुँचाने का आरोप
प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधिकारी को अवगत कराया कि फिल्म की कहानी यादव समाज की गरिमा के खिलाफ है। इसमें जिस प्रकार से ‘तलाक’ और ‘हलाला’ जैसे विषयों के माध्यम से युवती के साथ अन्याय दिखाया गया है, उससे पूरे समाज में भारी आक्रोश है। वक्ताओं ने कहा कि यादव समाज के मान-सम्मान के साथ खिलवाड़ कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
प्रतिनिधिमंडल ने मांग की है कि सामाजिक शांति और भाईचारे को बनाए रखने के लिए इस फिल्म को सिनेमाघरों और डिजिटल प्लेटफॉर्म पर रिलीज होने से रोका जाए।
ज्ञापन देने वालों में प्रमुख रूप से उपस्थित रहे:
बृजमोहन यादव (सैनिक प्रकोष्ठ), चौधरी सरनाम सिंह यादव, अरविंद यादव, सौरभ शर्मा, अनुज यादव, विजयलक्ष्मी (महिला सभा), शेखू खान, शिशुपाल यादव, बउवन भदोरिया, हर्ष द्विवेदी, अनिल यादव, सर्वेंद्र एडवोकेट, आकाश यादव एडवोकेट और आकाश शर्मा। जिला प्रशासन ने ज्ञापन को उचित माध्यम से शासन तक भेजने का आश्वासन दिया है। प्रदर्शनकारियों का स्पष्ट कहना है कि यदि उनकी मांगों पर विचार नहीं किया गया, तो वे लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन को और तेज करेंगे।



