अमन यात्रा लाइव एक्सक्लूसिव: कानपुर देहात पुलिस महकमे में बड़ा फेरबदल, एसपी श्रद्धा पाण्डेय ने 9 पुलिस अफसरों के बदले कार्यक्षेत्र
एसपी ने रसूलाबाद, बरौर और डेरापुर समेत कई थानों में बदले प्रभारी

कानपुर देहात: जनपद की कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय ने गुरुवार देर रात पुलिस महकमे में बड़ा फेरबदल किया है। एसपी ने प्रशासनिक आधार पर 9 निरीक्षकों और उपनिरीक्षकों के तबादले कर उन्हें तत्काल प्रभाव से नई जिम्मेदारियां सौंपी हैं। इस आदेश के बाद कई थानों और विशेष इकाइयों के समीकरण बदल गए हैं।
अमन यात्रा लाइव की रिपोर्ट के अनुसार तबादलों की इस सूची में अनुभवी अफसरों पर भरोसा जताते हुए उन्हें महत्वपूर्ण थानों की कमान सौंपी गई है। आदेश के मुताबिक रसूलाबाद के निरीक्षक अपराध धीरेन्द्र सिंह को अब थाना डेरापुर का नया प्रभारी निरीक्षक बनाया गया है। वहीं सर्विलांस सेल में तैनात प्रवीण कुमार को प्रभारी सर्विलांस सेल की जिम्मेदारी दी गई है।
किसे कहाँ मिली जिम्मेदारी?
स्थानांतरण सूची के अनुसार एएचटीयू (AHTU) के प्रभारी निरीक्षक महेश कुमार को अब थाना बरौर का नया प्रभारी निरीक्षक नियुक्त किया गया है। बरौर की कमान संभाल रहीं उपनिरीक्षक अमिता वर्मा को अब थाना एएचटीयू भेजा गया है। जयप्रकाश शर्मा को सर्विलांस सेल से हटाकर स्पेशल टीम का प्रभारी बनाया गया है।
इसके अलावा पुलिस लाइन में तैनात चार उपनिरीक्षकों को थानों में तैनाती दी गई है। रमेश चन्द्र को थाना रसूलाबाद, इकबाल हुसैन को थाना गजनेर और अवधेश सिंह व राजेन्द्र सिंह को थाना रूरा में नई तैनाती मिली है। एसपी ने सभी अधिकारियों को तत्काल अपने नव-नियुक्ति स्थान पर कार्यभार ग्रहण करने के कड़े निर्देश दिए हैं।



