कानपुर

Kanpur Panchayat Election Voting : 19.03 फीसद पड़े वोट, दो गांवों में दो घंटे रुका मतदान, बिकरू और भटी गांव में बही लोकतंत्र की बयार

Kanpur UP Panchayat Election Voting News Update पंचायत चुनाव को लेकर गांवों में खूब गहमागहमी दिख रही है। सुबह सात बजे से शाम छह बजे तक 12.53 लाख मतदाता डालेंगे वोट। सेक्टर और जोनल मजिस्ट्रेटों ने भ्रमण कर जांची मतदान केंद्रों की व्यवस्था।

कानपुर,अमन यात्रा। Kanpur UP Panchayat Election Voting News Update जिला पंचायत सदस्य, ग्राम प्रधान, क्षेत्र पंचायत सदस्य और ग्राम पंचायत सदस्य पद के लिए गुरुवार को 1994 बूथों पर सुबह सात बजे से सभी ब्लॉक क्षेत्रों की ग्राम पंचायतों में बनाए बूथों पर मतदान शुरू हो गया है। सुबह-सुबह बूथों पर मतदाताओं की कतार लग गई है। कोविड नियमों का पालन कराया जा रहा है। सुरक्षा की कड़ी व्यवस्था की गई है। मतदान शाम छह बजे तक मतदान होगा। जो मतदाता छह बजे के पहले कतार में लग जाएंगे उन्हें वोट डालने का मौका छह बजे के बाद भी मिलेगा। चुनाव मैदान में 9711 उम्मीदवार में हैं, जिनका भविष्य 12,53,056 मतदाताओं को तय करना है।

Panchayat Election Voting 

    • बिल्हौर के दो गांवों में दो घंटे तक मतदान बाधित रहा। हलपुरा गांव में बीडीसी प्रत्याशी का मतपत्र में चुनाव निशान नहीं होने पर वोटिंग रुकवा दी। इसी वजह से शेषपुर धर्मशाला में भी मतदान रुका रहा। करीब दो घंटे बाद जब दूसरे मतपत्र अफसरों ने मतदान केंद्र पर पहुंचाए तब वोटिंग शुरू हो सकी।
  • जिले में नौ बजे के बाद मतदान ने रफ्तार पकड़ ली है। नौ बजे के बाद दो घंटे में दस फीसद वोट बढ़े और 11 बजे तक 19.03 फीसद वोट पड़ गए। अबतक सर्वाधिक 21.75 फीसद मतदान बिल्हौर ब्लॉक क्षेत्र में हो चुका है, वहीं सबसे कम घाटमपुर में 14.59 फीसद वोटिंग हुई है। इसी तरह ककवन में 19.44, िशिवराजपुर में 20.08, चौबेपुर में 18.11, कल्याणपुर में 21.55, सरसौल में 19.86, बिधनू में 19.28, पतारा में 19.43, भीतरगांव में 16.08 फीसद वोटिंग हो चुकी है।
  • बिल्हौर क्षेत्र के खाड़ामऊ गांव में मतदाताओं ने सुबह हंगामा शुरू कर दिया। वोट डालने गए ग्रामीणों से मतपत्र पर मुहर लगवाने की जगह अंगूठा का लगवाया जा रहा था। इसकी जानकारी के बाद लोगों ने हंगामा कर दिया, जिसपर एसडीएम व सीओ ने मौके पर पहुंचकर लोगों को शांत कराया है।
  • आठ पुलिस कर्मियों की हत्या में आरोपित हिस्ट्रीशीटर दुर्दांत अपराधी विकास दुबे के गांव बिकरू में लोकतंत्र की बयार बह पड़ी हैं। यहां बूथों पर पहुंचकर मतदाता अपना वोट डाल रहे हैं। बिकरू में 9:30 बजे तक 22% मतदान हुआ है। इसी तरह भीटी गांव में भी 15 साल के बाद मतदाताओं को वोट डालने का अवसर मिला है।
  • जिले के सभी ब्लॉक क्षेत्रों में नौ बजे तक 8.48 फीसद वोटिंग हो चुकी है। दो घंटे के अंदर मतदान गति पकड़ चुका है और बूथों के बाहर मतदाताओं की कतार लगती जा रही है। महिलाओं और बुजुर्गों में भी खासा उत्साह नजर आ रहा है। सुबह नौ बजे तक शिवराजपुर और कल्याणपुर ब्लॉक क्षेत्र में सबसे ज्यादा वोटिंग हुई है। शिवराजपुर में 10.67 फीसत और कल्याणपुर में 10.55 फीसद वोटिंग हुई है।

  • गुरुवार सुबह सात बजे से पंचायत चुनाव के लिए मतदान शुरू हो गया। मतदाताओं में मतदान को लेकर उत्साह देखने को मिल रहा है। कोरोना के मद्देनजर सुदूर ग्रामीण क्षेत्रों के मतदाता भी पूरी तरह सजग नजर आ रहे हैं। युवा व बुजुर्ग सभी मास्क लगाकर ही मतदान करने आ रहे हैं। प्रत्याशियों के एजेंट भी मास्क व सैनिटाइजर के साथ मुस्तैदी से डटे हुए हैं। सरसौल के नागापुर मतदान केन्द्र में सुबह 6:30 बजे ही कई मतदाता वोटिंग के लिए पहुंच गए थे। नागापुर में 70 वर्षीय बुजुर्ग कुसुमा भी अपने बेटे लाखन के साथ साइकिल से वोट डालने पहुंच गई थीं।बेटे संग बूढ़ी अम्मा भी मास्क लगाए थीं।
  • सुबह सात बजे मतदान शुरू हुआ तो बड़े ही उत्साह के साथ  मतदाता बूथों पर पहुंचे और कतार में लग गए। हर किसी के चेहरे पर अपना प्रधान चुनने को लेकर उत्साह दिखा। कहीं कोई विवाद न हो इसलिए पुलिस भी मुस्तेद रही। जिला निर्वाचन अधिकारी आलोक कुमार और पुलिस आयुक्त असीम अरुण भी बूथों का निरीक्षण करने निकले और सुरक्षा का अहसास कराया।

देर रात तक चलता रहा मान-मनौव्वल का सिलसिला: पंचायत चुनाव को लेकर गांवों में खूब गहमागहमी दिख रही है। उम्मीदवारों ने घर-घर जाकर आशीर्वाद लिया। देर रात तक उम्मीदवार और उनके समर्थक रूठों को मनाने और अपनों को संभालने में लगे रहे। वे एक दूसरे पर नजर भी रखे रहे ताकि कोई विरोधी उम्मीदवार मतदाताओं को शराब, साड़ी, रुपया आदि का वितरण न कर सके। घर-घर मतदाता पर्चियां भी उम्मीदवारों ने पहुंचाईं ताकि जब कोई मतदाता वोट देने जाए तो उसे इंतजार न करना पड़े। ईश्वरीगंज, हृदयपुर, बरहट बांगर, चौबेपुर, बिल्हौर देहात, सरसौल, हाथीगांव, ख्वाजगीपुर, कमालपुर, बिधनू, उत्तरी, ककवन जैसे गांवों में तो देर रात तक उम्मीदवार रूठों को मनाते रहे। कुछ उम्मीदवारों ने रूठों को मनाने के लिए कसमें तक खाईं और जीतने के बाद समस्याएं खत्म करने का वादा किया। घर की महिलाएं भी महिला मतदाताओं को मनाने निकलीं। इन सबके बीच सेक्टर और जोनल मजिस्ट्रेट भी गांवों में भ्रमण करते रहे और यह जानने का प्रयास किया कि कहीं चुनाव के दिन ङ्क्षहसा तो नहीं होगी। कोई मतदाताओं को डरा धमका तो नहीं रहा है। उन्होंने मतदाताओं से बात भी की।

109 सेक्टर में बांटे गए गांव: प्रशासन ने 590 ग्राम पंचायतों को 109 सेक्टर में विभाजित किया है। इसके साथ ही 21 जोन बनाए हैं।  सेक्टर और जोनल मजिस्ट्रेटों से कहा गया है कि वे पूरे दिन में एक बार भी मोबाइल बंद नहीं करेंगे। हर घंटे मतदान के आंकड़े कंट्रोल रूम को भेजेंगे और गांवों में भी जाकर देखेंगे कि कहीं किसी मतदाता को कोई रोक तो नहीं रहा है। मतदाताओं की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए उस पर त्वरित कार्रवाई भी करनी है।

कहां कितने उम्मीदवार मैदान में –

ब्लाक प्रधान बीडीसी सदस्य मतदाता
सरसौल 443 456 146796
कल्याणपुर 348 363 140368
 बिधनू   502 420 143846
चौबेपुर    403 298 112317
ककवन  144 146 50259
घाटमपुर  716 451 167373
बिल्हौर  478 249 135262
शिवराजपुर 424 245 98589
भीतरगांव 577 433 138339
पतारा   450 341  112360 
  •  खास बातें: – 4485 उम्मीदवार ग्राम प्रधान पद के लिए लड़ रहे हैं।
  •  3402 प्रत्याशी क्षेत्र पंचायत सदस्य पद के लिए मैदान में हैं।
  •  1425 उम्मीदवार ग्राम पंचायत सदस्य पद के लिए मैदान में हैं।
  •  399 उम्मीदवार जिला पंचायत सदस्य पद  का चुनाव लड़ रहे हैं।

इनका ये है कहना –

मतदान को लेकर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। गुरुवार सुबह सात बजे से मतदान होगा। शांतिपूर्ण मतदान के लिए सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। मतदाताओं से अपील है कि वे निर्भीक होकर मतदान करें और अगर कोई डराए या धमकाए तो इसकी सूचना पुलिस कंट्रोल रूम व निर्वाचन कंट्रोल रूम को दें। – आलोक तिवारी, जिला निर्वाचन अधिकारी 

कहां किसके कितने पद – 

ब्लाक   प्रधान बीडीसी जिपं क्षेत्र
सरसौल    62  94  04
 बिधनू    59  90  03
 शिवराजपुर    64   61   03
 पतारा    50  76  03
 कल्याणपुर   49  86  03
 चौबेपुर    58  70  03
 बिल्हौर    68  86  03
 घाटमपुर  78  106  04
 ककवन   25  32  02
 भीतरगांव   77  89  04

अहम तथ्य: 

  • प्रधान के कुल पद हैं 590
  • बीडीसी सदस्य के हैं 789
  • जिला पंचायत सदस्य पद हैं 32
Print Friendly, PDF & Email
AMAN YATRA
Author: AMAN YATRA

SABSE PAHLE

Related Articles

AD
Back to top button