बांदा

बांदा में किसान के घर पर डकैतों का धावा, नार्वे में साइंटिस्ट भाई और बहू समेत परिवार को पीट लाखों लूटे

बांदा के मर्का थाना अंतर्गत दुबे का पुरवा गांव में मंगलवार की आधी रात के बाद घर में घुसे डकैतों ने किसान परिवार के सदस्यों को मारपीट कर बंधक बना दिया। इसके बाद नकदी और सोने के जेवरात समेटकर फरार हो गए।

बांदा, अमन यात्रा। मर्का थाना क्षेत्र के दुबे का पुरवा गांव में मंगलवार की आधी रात आधा दर्जन डकैतों ने एक किसान परिवार के घर पर धावा बोल दिया। घर में घुसकर परिवार के सदस्यों को मारापीटा और बंधक बना दिया। किसान परिवार समेत नार्वे में साइंटिस्ट छोटे भाई और बहू के भी लाखों के जेवर और नकदी लूटकर फरार हो गए। सुबह घटना की जानकारी के बाद गांव में दहशत फैल गई और मौके पर पहुंची पुलिस ने पड़ताल शुरू की है। फॉरेंसिक टीम भी सुरागकशी के लिए साक्ष्य एकत्र कर रही है।

दुबे का पुरवा गांव निवासी किसान संतोष गौतम के भाई विनय और बहू श्वेता साइंटिस्ट हैं और नार्वे में रहते हैं। इन दिनों दंपती अपने भाई के घर पर गांव परिवार से मिलने आए थे। मंगलवार की आधी रात छह-सात डकैत दीवार फांदकर घर में घुस आए और सो रहे परिवार के लोगों को जमकर पीटा। पति-पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गए। वहीं उनकी मां व बेटी समेत चार लोगों को कमरे में बंधक बना दिया।

संतोष के मुताबिक घर में घुसे डकैत घर में रखे जेवर और नकदी तथा विदेश से आए छोटे भाई विनय और बहू श्वेता का सामान भी लूट ले गए। लाठी-डंडा, लोहे की राड, तमंचा और बंदूक लिए डकैत करीब तीन घंटे तक घर में रहे और हर कमरे की ली तलाशी। करीब आठ से दस लाख की संपत्ति ले जाने का अनुमान है। मारपीट में घायल उनकी मां 62 वर्षीय सूरजकली, पत्नी वंदना और 13 वर्षीय बेटी पलक को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सुबह घटना की जानकारी के बाद दहशत फैल गई।

सूचना पर भारी फोर्स गांव पहुंच गया और फॉरेंसिक टीम ने जांच शुरू की है। सीओ अतर्रा आनंद पांडेय ने बताया कि अपराधियों का सुराग लगाया जा रहा है। हर बिंदु पर जांच की जा रही है। पुलिस को अंदेशा है कि यह संपत्ति विवाद का भी मामला हो सकता है। संतोष मूलरूप से कमासिन थाना क्षेत्र के तिलौसा गांव के रहने वाले हैं और दुबे का पुरवा में ननिहाल में संपत्ति मिली है। जिससे दोनों जगहों पर रहते हैं।

AMAN YATRA
Author: AMAN YATRA

SABSE PAHLE


Discover more from अमन यात्रा

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Related Articles

AD
Back to top button

Discover more from अमन यात्रा

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading