कानपुर देहात में दुकान के अंदर संदिग्ध परिस्थितियों में मिला भाजपा नेता का शव
पुलिस बोली घटना की सूचना नहीं

पुखरायां।कानपुर देहात के मंगलपुर थाना क्षेत्र के किशौरा गांव में रविवार को भाजपा सेक्टर संयोजक विजय तिवारी 60 वर्ष का शव संदिग्ध परिस्थितियों में उनकी दुकान के अंदर मिला।घटना की जानकारी होने पर परिजनों में कोहराम मच गया और क्षेत्र में सनसनी फैल गई।विजय तिवारी महंत बिल्डिंग मैटीरियल के नाम से अपनी दुकान चलाते थे।वह भारतीय जनता पार्टी के सेक्टर संयोजक के रूप में सक्रिय थे।परिजनों के मुताबिक शनिवार को विजय तिवारी ने घर से धान की फसल में पानी लगाने के लिए जाने की बात कही थी।इसके बाद वह दुकान पर कब पहुंचे इस बात की जानकारी किसी को नहीं है।रविवार सुबह उनके बेटे गौरव तिवारी ने जब दुकान का शटर खोला तो अंदर पिता का शव पड़ा देख वह बदहवास हो गए।परिजनों में कोहराम मच गया।परिजन उन्हें तत्काल उपचार के लिए झींझक सीएचसी ले गए।जहां मौजूद चिकित्सक ने परीक्षण उपरांत उन्हें मृत घोषित कर दिया।मृतक अपने पीछे पत्नी मीरा देवी,पुत्र सूर्यकांत,गौरव,भाई अजय और अनिरुद्ध छोड़ गए हैं।जिनका रो रो कर बुरा हाल था।घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है।चौकी प्रभारी झींझक अवनीश वर्मा ने बताया कि उन्हें अभी तक घटना की सूचना नहीं मिली है।सूचना मिलने पर नियमानुसार कार्यवाही की जाएगी।



