अनियंत्रित बाइक की टक्कर से मासूम की मौत, इकलौते चिराग के बुझने से परिवार में मचा कोहराम
कोतवाली क्षेत्र के थानापुरवा गांव में मंगलवार शाम हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे क्षेत्र को स्तब्ध कर दिया है, जहाँ एक तेज रफ्तार अनियंत्रित बाइक की चपेट में आने से 7 वर्षीय मासूम ऋषभ राजपूत की मौत हो गई

रसूलाबाद (कानपुर देहात)। कोतवाली क्षेत्र के थानापुरवा गांव में मंगलवार शाम हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे क्षेत्र को स्तब्ध कर दिया है, जहाँ एक तेज रफ्तार अनियंत्रित बाइक की चपेट में आने से 7 वर्षीय मासूम ऋषभ राजपूत की मौत हो गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार, राकेश कुमार का पुत्र ऋषभ घर के बाहर सड़क किनारे खेल रहा था, तभी एक बाइक ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। गंभीर रूप से घायल अवस्था में परिजन उसे तत्काल कानपुर के निजी अस्पताल ले गए, जहाँ जिंदगी और मौत के बीच जूझते हुए बुधवार सुबह मासूम ने दम तोड़ दिया। तीन बहनों के बीच इकलौते भाई की इस असामयिक मृत्यु से माता-पिता का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है। सूचना पर पहुँची पुलिस ने दुर्घटना करने वाली बाइक को कब्जे में लेकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और फरार चालक के खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।



