कानपुर देहात में दरिंदगी करने वाला रोहित गिरफ्तार, नाबालिग को बगीचे में बंधक बनाकर किया था दुष्कर्म
माँचा मोड़ के पास से दबोचा गया आरोपी

भोगनीपुर: जनपद में महिलाओं और बच्चियों के खिलाफ होने वाले अपराधों पर लगाम लगाने के लिए पुलिस ने एक और बड़ी सफलता हासिल की है। भोगनीपुर थाना पुलिस ने नाबालिग लड़की के साथ दुष्कर्म करने और जान से मारने की धमकी देने वाले शातिर अभियुक्त को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेज दिया है। पुलिस की इस त्वरित कार्यवाही से इलाके के अपराधियों में हड़कंप मचा हुआ है।
बारिश का फायदा उठाकर बगीचे में की थी हैवानियत
यह सनसनीखेज मामला भोगनीपुर थाना क्षेत्र के मऊखास गांव का है। पीड़ित मां ने पुलिस को दी गई शिकायत में बताया था कि बीती 9 जुलाई 2026 को उनकी 17 वर्षीय नाबालिग बेटी शाम के समय शौच के लिए बाहर गई थी। इसी दौरान अचानक तेज बारिश शुरू हो गई, जिससे बचने के लिए लड़की पास के ही एक बगीचे में रुक गई। बगीचे में लड़की को अकेला देखकर गांव के ही रहने वाले सर्वेश कुमार के 19 वर्षीय बेटे रोहित ने उसे दबोच लिया। आरोपी ने नाबालिग को जबरन बंधक बनाया और उसके साथ दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया। यही नहीं, आरोपी ने किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी भी दी थी।
माँचा मोड़ के पास से दबोचा गया आरोपी
पीड़िता के परिजनों की तहरीर पर भोगनीपुर थाना पुलिस ने 11 जुलाई 2026 को आरोपी रोहित के खिलाफ मुकदमा अपराध संख्या 237/2026 के तहत बीएनएस की धारा 64(1), 351(2) और 3/4 पॉक्सो (POCSO) एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू की थी। वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के निर्देशन में गठित टीम ने सटीक सूचना के आधार पर आज यानी 17 जुलाई 2026 को सुबह करीब 10:20 बजे माँचा मोड़ के पास से आरोपी रोहित को घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए माननीय न्यायालय के समक्ष पेश कर दिया है।
ये भी पढे- कानपुर देहात: तीन वारंटी गिरफ्तार, न्यायालय में किया जाएगा पेश



