कानपुर देहात में गौवंशों को बचाने में कार ट्रक आपस में भिड़े,चालक घायल
कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त,टला बड़ा हादसा

कानपुर देहात के सिकंदरा थाना क्षेत्र में गुरुवार रात गौवंशों को बचाने के चक्कर में एक कार और कंटेनर आपस में भिड़ गए।हादसे में कार चालक को मामूली चोटें आईं।हादसा थाना क्षेत्र के रसधान ओवरब्रिज के समीप हुआ।
जानकारी के मुताबिक अचानक गौवंशों के सड़क पर आ जाने से ट्रक ने ब्रेक लगा दिए और पीछे चल रही कार ट्रक से टकरा गई।इसी दौरान पीछे से आ रहे एक कंटेनर ने भी ब्रेक लगा दिए और कार से जा टकराया।टक्कर इतनी जोरदार थी कि कंटेनर का रेफ्रिजरेटर फट गया और कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
हादसे में कानपुर नगर निवासी कार चालक को मामूली चोटें आईं।हादसे की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल कार चालक को स्थानीय लोगों की मदद से पास के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया।थाना प्रभारी दिनेश कुमार गौतम ने बताया कि कार चालक को मामूली चोटें आईं हैं।उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।



