अवैध खनन पर बड़ा एक्शन: कानपुर देहात में पुलिस और प्रशासन की संयुक्त छापेमारी, जेसीबी और ट्रैक्टर सीज
लेखपाल और तहसील टीम करेगी पैमाइश, राजस्व नुकसान की होगी वसूली।

कानपुर देहात में अवैध खनन के खिलाफ पुलिस और प्रशासन ने संयुक्त रूप से कार्यवाही की है।मूसानगर थाना क्षेत्र के लवरसी के पास छोटे पुरवा क्षेत्र में चल रहे अवैध खनन पर छापेमारी कर एक जेसीबी मशीन और दो ट्रैक्टर सीज किए गए।इन सभी वाहनों को मूसानगर थाने में खड़ा कराया गया है।
प्रशासन को क्षेत्र में अवैध मिट्टी और खनिज पदार्थों के खनन की शिकायतें मिल रही थीं।शिकायत के आधार पर पुलिस और राजस्व विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की।जांच के दौरान अवैध खनन कार्य संचालित होता पाया गया।जिसके बाद यह कार्यवाही की गई।अधिकारियों ने बताया कि केवल वाहनों को सीज करना ही अंतिम चरण नहीं है।तहसील प्रशासन की टीम और संबंधित क्षेत्र के लेखपाल अब मौके पर पहुंचकर पैमाइश करेंगे।
खनन वाले क्षेत्र का सर्वे कर यह पता लगाया जाएगा कि कितनी मात्रा में खनन हुआ है और सरकार को कितना राजस्व नुकसान पहुंचा है।पैमाइश और जांच रिपोर्ट के आधार पर संबंधित व्यक्ति के खिलाफ नियमानुसार आगे की कार्यवाही की जाएगी।प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध खनन किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।शिकायत मिलने पर तत्काल कार्यवाही की जाएगी।



