आज कानपुर देहात और नगर के दौरे पर रहेंगे अखिलेश यादव, सुरक्षा के कड़े इंतजाम; जानें मिनट टू मिनट कार्यक्रम
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव आज बुधवार 08 अप्रैल 2026 को कानपुर के दौरे पर रहेंगे।

अकबरपुर/ कानपुर। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव आज बुधवार 08 अप्रैल 2026 को कानपुर के दौरे पर रहेंगे। उनके इस दौरे को लेकर समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह है वहीं प्रशासन ने सुरक्षा की दृष्टि से कड़े बंदोबस्त किए हैं। जारी कार्यक्रम के अनुसार अखिलेश यादव सुबह 10 बजकर 45 मिनट पर लखनऊ स्थित अपने आवास से कार द्वारा कानपुर के लिए प्रस्थान करेंगे।
दोपहर 12 बजे उनका आगमन कानपुर नगर के नौबस्ता स्थित तुलसीनगर पहाड़पुर में होगा। यहाँ वे दिवंगत रंजन सिंह यादव उर्फ लाला पहलवान को श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे और शोकाकुल परिवार से मुलाकात कर अपनी संवेदनाएं व्यक्त करेंगे। इसके पश्चात दोपहर 1 बजे अखिलेश यादव कानपुर देहात के अकबरपुर स्थित बारा टोल प्लाजा के पास अरेब ग्रीन वर्ल्ड एण्ड रिसार्ट पहुंचेंगे। यहाँ वे श्री हारुन की पुत्री के निकाह समारोह में शामिल होकर नवदंपति को अपना आशीर्वाद देंगे। दोपहर 1 बजकर 30 मिनट पर वे अकबरपुर से वापस लखनऊ के लिए रवाना हो जाएंगे।
अखिलेश यादव को प्राप्त जेड प्लस सुरक्षा के मद्देनजर कानपुर देहात और नगर के पुलिस प्रशासन को पूरी तरह अलर्ट पर रखा गया है। उनके काफिले के लिए बॉर्डर टू बॉर्डर एस्कॉर्ट की विशेष व्यवस्था की गई है। प्रोटोकॉल के अनुसार स्थानीय जिला प्रशासन और पुलिस कप्तानों को सुरक्षा व्यवस्था चाक चौबंद रखने के निर्देश दिए गए हैं।



