आपके घर का नंबर नोट करने आ रही सरकारी टीम, कानपुर देहात में शुरू हुआ जनगणना का महाअभियान
20 जून तक चलेगा मकानों का सूचीकरण, डीएम कपिल सिंह की अपील- देश के विकास के लिए दें सही जानकारी

- डिजिटल पोर्टल पर ऑनलाइन दर्ज होगा पूरा डेटा, सुरक्षा के लिए प्रगणकों के पास रहेगा पहचान पत्र
कानपुर देहात: भारत सरकार द्वारा प्रस्तावित जनगणना 2027 को लेकर कानपुर देहात में प्रशासनिक मशीनरी पूरी तरह से सक्रिय हो गई है। जनपद में पहले चरण के तहत मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना का कार्य शुरू हो गया है, जो आगामी 20 जून 2026 तक लगातार संचालित किया जाएगा। जिला जनगणना अधिकारी दुष्यंत कुमार मौर्य ने इस संबंध में विस्तृत जानकारी साझा करते हुए बताया कि इस विशेष अभियान के तहत प्रगणक घर-घर जाकर प्रत्येक भवन और मकान का चिन्हीकरण कर रहे हैं। मकानों से जुड़े सभी आवश्यक आंकड़े निर्धारित डिजिटल पोर्टल पर ऑनलाइन माध्यम से तुरंत दर्ज किए जा रहे हैं।
अभियान के पहले दिन प्रगणकों द्वारा विभिन्न ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में घर-घर जाकर जानकारियां संकलित की गईं और उन्हें पोर्टल पर अपलोड किया गया। इसके साथ ही विभिन्न प्रशासनिक अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के शासकीय व आवासीय परिसरों पर पहुंचकर भी मकान सूचीकरण और गणना का कार्य संपन्न किया गया। इस महाअभियान को पूरी पारदर्शिता और सटीकता से पूरा करने के लिए जिले में लगभग 3314 प्रगणक और 550 सुपरवाइजर मैदान में उतारे गए हैं। पूरे जनपद को 3460 हाउस लिस्टिंग ब्लॉक में विभाजित किया गया है। ग्रामीण क्षेत्रों की कमान संबंधित तहसीलों के तहसीलदार संभाल रहे हैं, जिन्हें चार्ज अधिकारी बनाया गया है, जबकि नगरीय क्षेत्रों में यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी अधिशासी अधिकारियों को सौंपी गई है।
दुष्यंत कुमार मौर्य ने बताया कि जनगणना केवल लोगों को गिनने का काम नहीं है, बल्कि यह देश की सामाजिक, आर्थिक और आधारभूत संरचना से जुड़ी बड़ी नीतियों के निर्माण का मुख्य स्तंभ है। इसी डेटा के आधार पर भविष्य में शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल, सड़क, आवास, बिजली और रोजगार जैसी जनकल्याणकारी योजनाओं का खाका तैयार किया जाता है। इसलिए हर एक नागरिक की सही भागीदारी बेहद मायने रखती है। प्रगणक अपनी ड्यूटी के दौरान अधिकृत पहचान पत्र और जरूरी दस्तावेजों के साथ घरों पर पहुंचेंगे। नागरिकों को भरोसा दिलाया गया है कि उनके द्वारा दी गई सभी सूचनाएं पूरी तरह गोपनीय रखी जाएंगी और इनका उपयोग केवल सांख्यिकीय और सरकारी उद्देश्यों के लिए होगा।
जिलाधिकारी कपिल सिंह ने समस्त जनपदवासियों से अपील करते हुए कहा कि जनगणना राष्ट्र निर्माण का एक बेहद महत्वपूर्ण दायित्व है। देश और जिले के विकास के लिए सटीक और विश्वसनीय आंकड़े मिलना जरूरी है, इसलिए सभी नागरिक प्रगणकों द्वारा पूछे गए सवालों का सही और स्पष्ट जवाब देकर अपना सक्रिय योगदान दें। उन्होंने मातहत अधिकारियों को भी निर्देश दिए हैं कि इस कार्य को पूरी पारदर्शिता, गुणवत्ता और समयबद्धता के साथ पूरा कराया जाए।



