कांग्रेस की नीतियां शुरू से ही देश विरोधी, विभाजन के लिए भी वही जिम्मेदार: भाजपा जिला प्रभारी शिव महेश दुबे
कानपुर देहात आगमन पर महटौली सीमा से लेकर माती कार्यालय तक भव्य स्वागत, 2027 में भारी बहुमत से जीत का दावा
सुशील त्रिवेदी,कानपुर देहात। भारतीय जनता पार्टी के नवनियुक्त जिला प्रभारी शिव महेश दुबे ने पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कांग्रेस और विपक्षी दलों पर तीखा राजनीतिक हमला बोला। bjp kanpur dehat के माती स्थित पार्टी कार्यालय में आयोजित स्वागत एवं परिचयात्मक कार्यक्रम में उन्होंने कहा कि कांग्रेस सदैव से एक सुविधाभोगी पार्टी रही है और उसकी नीतियां प्रारंभ से ही राष्ट्र विरोधी रही हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि धारा 370 लगाना और देश का विभाजन कांग्रेस की सबसे बड़ी ऐतिहासिक भूलें थीं, जिन्हें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार ने समाप्त कर देश को सही रास्ते पर लाने का काम किया है।
महटौली सीमा पर हुआ जोरदार स्वागत, कार्यालय में महापुरुषों को नमन
इससे पूर्व जनपद आगमन पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने महटौली सीमा पर जिला अध्यक्ष रेणुका सचान के नेतृत्व में नवनियुक्त जिला प्रभारी का ढोल-नगाड़ों और फूलमालाओं से जोरदार स्वागत किया। इसके पश्चात काफिला माती स्थित भाजपा जिला कार्यालय पहुंचा। वहां जिला प्रभारी शिव महेश दुबे, जिला अध्यक्ष रेणुका सचान, कैबिनेट मंत्री राकेश सचान, एमएलसी अविनाश सिंह चौहान, विधायक पूनम संखवार और जिला पंचायत अध्यक्ष नीरज रानी ने संयुक्त रूप से महापुरुषों के चित्रों पर पुष्पांजलि अर्पित कर कार्यक्रम की शुरुआत की।
विपक्ष पर प्रहार और 2027 चुनाव पर हुंकार
बैठक को संबोधित करते हुए जिला प्रभारी शिव महेश दुबे ने कहा कि नेहरू के दौर से चली आ रही तुष्टिकरण की नीतियों ने देश को भारी नुकसान पहुंचाया। केंद्र की मोदी सरकार ने धारा 370 समाप्त कर, भव्य राम मंदिर का निर्माण कराकर और उज्ज्वला जैसी योजनाओं से गरीब माताओं को संबल देकर राष्ट्रहित में ऐतिहासिक कदम उठाए हैं। उन्होंने समाजवादी पार्टी के शासनकाल को कटघरे में खड़ा करते हुए कहा कि पूर्ववर्ती सरकारों में गुंडाराज का बोलबाला था और नौकरियों में केवल एक जाति विशेष को लाभ दिया जाता था। आज मोदी-योगी सरकार में बिना भेदभाव के विकास हो रहा है। देश में आधुनिक एक्सप्रेसवे का जाल बिछ रहा है और भारत का मान विश्व पटल पर बढ़ रहा है। उन्होंने विश्वास जताया कि वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में उत्तर प्रदेश में भाजपा भारी बहुमत से पुनः सरकार बनाएगी।
कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा का संचार: रेणुका सचान
कार्यक्रम में जिला अध्यक्ष रेणुका सचान ने कहा कि जिला प्रभारी के आगमन से कानपुर देहात के संगठन में नई ऊर्जा का संचार हुआ है। सभी पदाधिकारी और कार्यकर्ता उनके मार्गदर्शन में बूथ स्तर तक संगठन को अभेद्य बनाएंगे। एमएलसी अविनाश सिंह चौहान ने कहा कि भाजपा ने समाज को जोड़ने और सुरक्षित माहौल देने का काम किया है।
वरिष्ठ पदाधिकारी रहे उपस्थित
कार्यक्रम का कुशल संचालन बबलू शुक्ला ने किया। इस अवसर पर महामंत्री सत्यम सिंह चौहान, पूर्व प्रत्याशी डॉ सतीश शुक्ला, ब्लॉक प्रमुख राजेश शुक्ला, क्षेत्रीय मंत्री रीता कठेरिया, पूर्व विधायक निर्मला संखवार, कमलेश दिवाकर और जिला मीडिया प्रभारी विकास मिश्रा सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित रहे। bjp kanpur dehat संगठन द्वारा आगामी कार्यक्रमों को लेकर रणनीति भी तय की गई।



