कानपुर देहातउत्तरप्रदेशफ्रेश न्यूज

इग्नू ने जारी किए जून सत्रांत परीक्षा के एडमिट कार्ड, छात्र तुरंत करें डाउनलोड वरना छूट जाएगा एग्जाम

पुखरायां के रामस्वरूप ग्राम उद्योग कॉलेज में परीक्षा को लेकर तैयारियां तेज, एमए हिंदी के छात्रों के लिए हुआ परिचय सत्र

कानपुर देहात। इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय (इग्नू) ने जून 2026 सत्र की सत्रांत परीक्षा का पूरा शेड्यूल और प्रवेश पत्र जारी कर दिए हैं। पुखरायां कस्बा स्थित रामस्वरूप ग्राम उद्योग परास्नातक महाविद्यालय में संचालित इग्नू अध्ययन केंद्र 2711 के समन्वयक डॉ पर्वत सिंह ने बताया कि यह परीक्षाएं 1 जून 2026 से शुरू होकर 21 जुलाई 2026 के मध्य आयोजित की जाएंगी। परीक्षा में शामिल होने वाले सभी विद्यार्थियों के एडमिट कार्ड इग्नू के समर्थ पोर्टल पर अपलोड कर दिए गए हैं। परीक्षार्थी समय रहते पोर्टल के माध्यम से अपना एडमिट कार्ड डाउनलोड कर लें।

लखनऊ क्षेत्रीय केंद्र के वरिष्ठ क्षेत्रीय निदेशक डॉ अनिल कुमार मिश्रा ने ऑनलाइन माध्यम से जनवरी 2026 सत्र में परास्नातक हिंदी (एमए) में प्रवेश लेने वाले विद्यार्थियों के परिचय सत्र को संबोधित करते हुए यह महत्वपूर्ण जानकारी साझा की। उन्होंने स्पष्ट किया कि परीक्षा केंद्र पर इग्नू द्वारा जारी एडमिट कार्ड के साथ-साथ छात्र का ओरिजिनल पहचान पत्र यानी आइडेंटिटी कार्ड होना अनिवार्य है, इसके बिना परीक्षा कक्ष में प्रवेश नहीं मिलेगा।

इस ऑनलाइन परिचय सत्र में इग्नू मुख्यालय मैदान गढ़ी नई दिल्ली से कार्यक्रम प्रभारी डॉ राजवंती ने भी शिरकत की। उन्होंने हिंदी विषय की उपयोगिता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि साहित्य संवेदना का विषय है और मानवीय चेतना को जगाने के लिए साहित्य पढ़ना बेहद जरूरी है। उपन्यास हमारे जीवन जीने के तौर-तरीकों को निखारते हैं। बदलाव हमेशा आंतरिक चेतना से आता है, जो साहित्य के माध्यम से ही संभव है। उन्होंने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि जब आप स्टडी मैटेरियल पढ़ते हैं, तो आप लाखों लोगों के विचारों से रूबरू होते हैं। जो पढ़ेगा, वही अपने जीवन को बेहतर ढंग से गढ़ेगा।

कार्यक्रम की कन्वीनर और निदेशक डॉ रीना कुमारी ने कहा कि साहित्य समाज का दर्पण है। साहित्य से संवेदना जागती है, जिससे सामाजिक संबंध मजबूत होते हैं और यही संबंध राष्ट्र के स्वरूप को तय करते हैं। कॉलेज के प्राचार्य प्रोफेसर हरीश कुमार सिंह ने कहा कि इग्नू का पाठ्यक्रम और इसकी निर्माण पद्धति विद्यार्थियों के शैक्षिक विकास के लिए एक मजबूत आधारशिला की तरह काम करती है।

कार्यक्रम के समापन पर डॉ पर्वत सिंह ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने बताया कि ज्ञानवाणी, ज्ञान दर्शन, ज्ञान कोष और स्वयं प्रभा चैनल इग्नू के ऐसे मजबूत आधार स्तंभ हैं, जो दूरदराज के विद्यार्थियों के शैक्षिक स्तर को ऊंचा उठाने में बड़ी भूमिका निभा रहे हैं। इस विशेष अवसर पर प्रोफेसर वंदना, प्रोफेसर विवेक सिंह, डॉ निशीथ नागर सहित कॉलेज के कई शिक्षक और बड़ी संख्या में विद्यार्थी मौजूद रहे।


ये भी पढे-  कानपुर देहात: विद्युत आपूर्ति में बाधा सहित अन्य सुविधाओं को लेकर मेडिकल छात्रों ने जमकर काटा हंगामा


Related Articles

AD
Back to top button