औरैया: जिलाधिकारी ने सपेरा बस्ती पहुंचकर थामी असहायों की राह, घर-घर जाकर बांटे कंबल
जिलाधिकारी डॉ. इन्द्रमणि त्रिपाठी ने लालपुर नौली गांव का किया औचक दौरा

औरैया: भीषण ठंड और शीतलहर के प्रकोप के बीच औरैया जिला प्रशासन पूरी तरह सक्रिय नजर आ रहा है। रविवार को जिलाधिकारी डॉ. इन्द्रमणि त्रिपाठी ने एक संवेदनशील पहल करते हुए ग्राम लालपुर नौली में सपेरा समुदाय के बीच पहुंचकर मानवता का परिचय दिया। उन्होंने ठिठुरती ठंड में जीवन यापन कर रहे गरीब, असहाय और जरूरतमंद लोगों को स्वयं घर-घर जाकर कंबल वितरित किए।
पीड़ित मानवता की सेवा सबसे पुनीत कार्य: जिलाधिकारी
कंबल वितरण के दौरान जिलाधिकारी डॉ. इन्द्रमणि त्रिपाठी ने कहा कि इस कड़ाके की ठंड में किसी गरीब और निर्बल व्यक्ति को सर्दी से बचाना सबसे बड़ा सेवा कार्य है। उन्होंने मौके पर मौजूद लोगों से उनकी अन्य समस्याओं के बारे में भी जानकारी ली और संबंधित अधिकारियों को त्वरित निराकरण के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि प्रशासन का प्रयास है कि जनपद में कोई भी व्यक्ति संसाधनों के अभाव में ठंड का शिकार न हो।
सक्षम लोगों से की सहयोग की अपील
जिलाधिकारी ने समाज के संपन्न और सक्षम लोगों से भी इस नेक काम में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करने की अपेक्षा की। उन्होंने कहा कि सक्षम व्यक्ति अपनी क्षमता के अनुसार असहायों को सर्दी से बचाव के लिए कपड़े और कंबल प्रदान करें, ताकि सामूहिक प्रयासों से हर जरूरतमंद तक मदद पहुंचाई जा सके। प्रशासन द्वारा अचानक गांव में पहुंचकर दी गई इस राहत से सपेरा समुदाय के लोगों के चेहरे खिल उठे और उन्होंने इस सहायता के लिए आभार जताया।
ये भी पढ़े- कानपुर देहात: बेरोजगार युवाओं के लिए सुनहरा अवसर, कल से सभी विकास खंडों में लगेंगे रोजगार मेले



