ऑनलाइन बैठकों से गायब रहने वाले अफसरों पर कसा शिकंजा:
ऑनलाइन समीक्षा बैठकों में अफसरों की बार-बार गैरहाजिरी से नाराज बेसिक शिक्षा विभाग ने कड़ा रुख अपनाया है

- एडी बेसिक और बीएसए की मौजूदगी अनिवार्य, लापरवाही पर होगी सख्त कार्यवाही
लखनऊ/कानपुर देहात।ऑनलाइन समीक्षा बैठकों में अफसरों की बार-बार गैरहाजिरी से नाराज बेसिक शिक्षा विभाग ने कड़ा रुख अपनाया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सख्ती के बाद अब विभाग की हर ऑनलाइन समीक्षा बैठक में मंडलीय सहायक शिक्षा निदेशक (एडी बेसिक) और जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी का खुद शामिल होना अनिवार्य कर दिया गया है। अधिकारियों की हीलाहवाली को रोककर विभागीय निर्देशों को समय से लागू कराने के लिए यह कदम उठाया गया है। अपरिहार्य स्थिति (जैसे कोई बड़ी इमरजेंसी) को छोड़कर अफसरों को खुद बैठक में जुड़ना होगा। बैठकों में अनुशासन बनाए रखने के लिए हर जिले से केवल एक ही अधिकृत लॉगिन आईडी के जरिए सहभागिता की अनुमति होगी। अगर कोई अफसर शामिल नहीं हो पा रहा है तो उसे पहले ही बताना होगा कि वह किस मजबूरी के चलते अनुपस्थित रहेगा। साथ ही अपनी जगह जिस वरिष्ठ अधिकारी को भेज रहे हैं उसकी जानकारी निदेशालय को पहले से देनी होगी। बेसिक शिक्षा निदेशक अनिल भूषण चतुर्वेदी ने सोमवार को आदेश जारी करते हुए कई जिलों के अधिकारियों के रवैये पर गहरी नाराजगी जताई। उन्होंने स्पष्ट किया कि बीएसए खुद बैठक में नहीं आते और न ही किसी वरिष्ठ को भेजते हैं जिससे निदेशालय के निर्देशों का जमीनी स्तर पर पालन रुक जाता है। अब ऑनलाइन बैठकों में गैरहाजिरी का ठोस कारण न देने वाले अधिकारियों पर गाज गिरना तय है।



