‘कातिल चौक’ को सुरक्षित बनाने की मांग: पुखरायां में कैंडल मार्च, पटेल चौक पर ओवरब्रिज की अपील
दुर्घटना पीड़ितों को श्रद्धांजलि, स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से ओवरब्रिज निर्माण की तत्काल मांग की

आज पुखरायां कस्बे के पटेल चौक क्षेत्र में सड़क दुर्घटनाओं में असमय अपनी जान गंवाने वाले सभी लोगों को श्रद्धांजलि देने के उद्देश्य से एक भावुक कैंडल मार्च निकाला गया। इस कैंडल मार्च के माध्यम से स्थानीय जनता ने सरकार और प्रशासन से पटेल चौक पर ओवरब्रिज के निर्माण की मांग प्रमुखता से रखी।
यह कैंडल मार्च रेलवे स्टेशन से मौहर देवी मंदिर तक निकाला गया। ज्ञात हो कि चंद दिनों पहले ही पटेल चौक पर एक हृदय विदारक दुर्घटना हुई थी, जब दोपहर में एक स्कॉर्पियो गाड़ी के ऊपर गिरने से दो लोगों की दुखद मृत्यु हो गई थी। मृतकों में एक कैबिनेट मंत्री के करीबी प्रहलाद सचान और एक छोटा बच्चा शामिल था।
‘कातिल चौक’ पर भयावह माहौल
पटेल चौक क्षेत्र में आए दिन हो रही सड़क दुर्घटनाओं के कारण लोगों में भय और आक्रोश का माहौल है। तेज रफ्तार वाहनों और सड़क पार करने में होने वाली दुर्घटनाओं के चलते कई लोगों की जान जा चुकी है। स्थानीय लोग अब इस चौक को ‘कातिल चौक’ कहने लगे हैं, क्योंकि यहाँ अक्सर दुर्घटनाएं होती रहती हैं और लोगों की अकाल मृत्यु हो जाती है।
आज के श्रद्धांजलि जुलूस में जनता ने पटेल चौक पर हादसों को रोकने के लिए शीघ्र उपाय करने की मांग की। उनकी मांगों में जल्द से जल्द ट्रैफिक लाइट की व्यवस्था, ट्रैफिक पुलिस की तैनाती और ओवरब्रिज का निर्माण कराया जाना शामिल है।
स्कूल, समिति और नागरिकों का सहयोग
इस गंभीर समस्या को देखते हुए संत विवेकानंद पब्लिक स्कूल, पुखरायां के प्राचार्य इंद्र भूषण सिंह, नेकद्वार सेवा समिति के अध्यक्ष संदीप बंसल और डॉक्टर पार्थ सारथी के सहयोग से छात्रों, शिक्षकों तथा स्थानीय नागरिकों ने मिलकर यह कैंडल मार्च आयोजित किया।
कैंडल मार्च के दौरान विद्यार्थियों ने पोस्टर और बैनर बनाकर उन्हें सड़क किनारे लगाया और प्रशासन से पटेल चौक पर शीघ्र ही ओवरब्रिज बनाए जाने की मांग की। स्थानीय नागरिकों ने भी इस अभियान में भाग लिया और विधायक, सांसद, नगर पालिका अध्यक्ष, संबंधित अधिकारी एवं NHAI (नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया) से जल्द से जल्द ओवरब्रिज का निर्माण कराने की अपील की, ताकि भविष्य में किसी भी प्रकार की अनहोनी से बचा जा सके।
इस कैंडल मार्च में इंद्र भूषण सिंह, संदीप बंसल, डॉक्टर पार्थ सारथी, प्राची सिंह, अनुराधा सचान, श्रुति सिंह, विराट प्रताप सिंह, सभासद अंकित अग्निहोत्री, आवेश अंजुम, विनेश पोरवाल, अध्यक्ष प्रतिनिधि करुणा शंकर, सुनील यादव, विजय सिंह, आत्माराम सचान, सुदामा आदि लोग शामिल रहे।



